
जयपुर। बीसलपुर बांध ( Bisalpur Dam ) में सोमवार को भी पानी की आवक बनी रही। बांध में अब तक पानी का लेवल 306.76 मीटर हैं, हालांकि पानी की आवक देर रात तक जारी रही। ऐसे में बांध में अब तक 4.194 टीएससी पानी है। जलदाय विभाग के मुख्य अभियंता आई.डी. खान के मुताबिक पेयजल के लिए 15 नवम्बर तक का पानी आ चुका है। बांध से जयपुर, अजमेर, टोंक के लिए पेयजल आपूर्ति की जा रही है। खान ने बताया कि भीलवाड़ा, राजसमंद, चित्तौडगढ़़ में अच्छी बरसात के साथ बहाव क्षेत्र में पानी की आवक जारी रहने से बांध का जलस्तर बढऩे से जलसंकट की चिंता कम हुई है।
बांध में 25 जुलाई से बरसाती पानी की आवक होना शुरू हुई थी और उस समय लेवल 304.85 मीटर था। ऐसे में करीब दो मीटर पानी की आवक हो चुकी है। जलदाय विभाग को उम्मीद है कि बांध में अगले दिनों में पानी की अच्छी आवक होगी। गौरतलब है कि पिछले साल मानूसन में बांध में अपेक्षाकृत पानी की आवक नहीं होने से पेयजल आपूर्ति में कटौती की जा रही है। ट्यूबवेल के जरिए पानी की सप्लाई बढ़ा दी गई है।
बीसलपुर बांध में धीमी पड़ी पानी की रफ्तार
बीसलपुर बांध के केचमेंट एरिया में पडऩे वाले भीलवाड़ा व चित्तोड़ जिलों में गत दो दिन पूर्व हुई झमाझम बारिश के चलते बांध में पानी की आवक सोमवार को भी जारी रही। केचमेंट एरिया में सोमवार को बारिश नहीं होने के कारण लगातार गिरते त्रिवेणी के गेज व पण्डेर पुलिया के गेज में कमी से पानी की आवक की रफ्तार धीमी पड़ गई है। रविवार को एक ओर जहां हर दो घंटे में दस सेमी पानी की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही थी। वहीं सोमवार दोपहर तक पानी की आवक आधी रहकर हर दो घंटे में पांच सेमी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई व दोपहर बाद प्रति दो घंटे में तीन सेमी की बढ़ोत्तरी रह गई है।