
जयपुर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को दिल्ली में राजस्थान विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे। इसके लिए राज्य से 3 नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इसमें मुख्य तौर पर चुनाव की अब क्या तैयारी होनी है, किन नेताओं के दौरे होने हैं, कौन स्टार प्रचारक उतारे जाएं, इस पर अंतिम निर्णय किया जाएगा।
विधायक अशोक परनामी, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, राजस्थान धरोहर एवं प्रौन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत को इसके लिए दिल्ली बुलाया गया है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश से भी 3-3 नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इन नेताओं से भी स्टार प्रचारकों और दौरों पर ही चर्चा की जाएगी। यह बैठक अमित शाह के निवास पर प्रस्तावित है, जो दिनभर चलेगी।
मोदी-शाह की सभाओं को लेकर होगी चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के दौरों पर विशेष चर्चा होगी। यह भी तय किया जा सकता है कि किस बड़े नेता की कितनी रैली करानी है। केन्द्रीय मंत्रियों की रैलियों पर भी चर्चा होनी है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान में कितनी सभाएं होंगी, इस पर भी चर्चा होगी।
सैनी आज बैंगलूरू में
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी शुक्रवार को बैगलूरू दौरे पर रहेंगे। इस दौरान सैनी समाज समेत अन्य लोग उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान वे एक सभा को भी सम्बोधित करेंगे।