12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर के चर्चित हत्याकांड में आयुषी का बड़ा खुलासा, मां को ही ठहरा दिया पिता की मौत का जिम्मेदार

जयपुर के चर्चित नीरज शर्मा हत्याकांड की जांच में बड़ा मोड़ आ गया है। हत्या के आरोप में गिरफ्तार बेटी आयुषी शर्मा ने पुलिस पूछताछ में खुद को निर्दोष बताते हुए अपनी मां पर ही पिता के ब्रेन हैमरेज का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। वहीं, मामले में ब्लैकमेलिंग और पारिवारिक साजिश के दावों ने जांच को और उलझा दिया है।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Jul 12, 2026

Jaipur Ayushi

Jaipur Crime: आरोपी आयुषी और मृतका मां (फाइल फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। शहर के प्रतापनगर क्षेत्र में हुए नीरज शर्मा हत्याकांड की जांच में अब नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार बेटी आयुषी शर्मा ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कई गंभीर दावे किए हैं। आयुषी का कहना है कि उसकी मां नीरज शर्मा के व्यवहार की वजह से ही उसके पिता विजय शर्मा को इतना मानसिक तनाव झेलना पड़ा कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ।

दूसरी ओर मृतका के भाई (आयुषी के मामा) ने भी मामले में चचेरे भाई बलराम की भूमिका की जांच कराने की मांग करते हुए ब्लैकमेलिंग और साजिश की आशंका जताई है। इन विरोधाभासी बयानों के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

पिता के साथ मारपीट का लगाया आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान आयुषी ने कुछ वीडियो भी जांच अधिकारियों को दिखाए हैं। उसका दावा है कि इन वीडियो में उसकी मां नीरज शर्मा, पिता विजय शर्मा के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करती दिखाई दे रही हैं। आयुषी ने कहा कि वह बचपन से ही पिता के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को देखती रही, जिससे उसके मन में मां के प्रति गहरी नाराजगी पैदा हो गई। उसका आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण ही उसके पिता की तबीयत बिगड़ी और आखिरकार उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ।

पिता की कमाई नहीं चाहती थी मां को मिले

आयुषी ने यह भी बताया कि वह अपने पिता को मां से दूर सुरक्षित रखना चाहती थी। आयुषी के मुताबिक, पिता स्वयं भी उसके (आयुषी) साथ रहना पसंद करते थे। संपत्ति और नौकरी को लेकर पूछे गए सवालों पर आयुषी ने कहा कि उसे लगता था कि पिता की कमाई और अधिकारों पर उसी का हक है, जबकि मां को वह इसका अधिकारी नहीं मानती थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि परिवार में वह अपनी दादी की बात अधिक मानती थी और चचेरा भाई बलराम उसके लिए अभिभावक जैसी भूमिका निभाता था।

मामा ने बलराम की भूमिका बताई संदिग्ध

इधर, मृतका नीरज शर्मा के भाई राकेश शर्मा ने मामले में नया एंगल सामने रखा है। उनका आरोप है कि बलराम ने आयुषी को अपने प्रभाव में ले रखा था। उन्होंने आशंका जताई कि या तो प्रेम संबंधों के जरिए या फिर किसी वीडियो के आधार पर आयुषी को ब्लैकमेल किया जा रहा था। राकेश शर्मा ने पुलिस से बलराम को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ करने और पूरे षड्यंत्र की जांच की मांग की है। हालांकि, आयुषी ने पुलिस के सामने ब्लैकमेलिंग या प्रेम संबंधों से जुड़े सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।

घर में लंबे समय से रिश्तों में था तनाव

जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव का माहौल था। रिश्तों में अविश्वास, आपसी विवाद और एक-दूसरे पर लगाए जाने वाले आरोप अक्सर झगड़ों की वजह बनते थे। पुलिस अब परिवार के सभी सदस्यों के बयान, वीडियो साक्ष्य, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों का मिलान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नीरज शर्मा की हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और इस मामले में किसकी क्या भूमिका रही।