11 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में मां की हत्या करने वाली बेटी के मामले में नया मोड़, अब पिता की हत्या का मामला आया सामने

जयपुर में मां की हत्या की साजिश में गिरफ्तार लॉ स्टूडेंट आयुषी शर्मा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब उसके मामा ने आरोप लगाया है कि उसने चचेरे भाई के साथ मिलकर पिछले साल अपने बीमार पिता की भी हत्या की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की जांच और उलझ गई है। दूसरी तरफ आयुषी पुलिस पूछताछ में अचानक चुप हो जाती है, जिससे मामले का खुलासा नहीं हो पा रहा है।
3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Jul 11, 2026

Jaipur Crime

Jaipur Crime: आरोपी बेटी आयुषी और मृतका मां (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। प्रताप नगर में मां की हत्या की साजिश बेटी द्वारा रचे जाने का मामला अब एक और सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया है। मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार एलएलबी छात्रा आयुषी शर्मा पर अब अपने पिता की हत्या कराने का भी आरोप लगा है। यह आरोप किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सगे मामा ने पुलिस के सामने लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अब पिता विजय शर्मा की मौत की परिस्थितियों की भी नए सिरे से जांच करेगी।

पुलिस के मुताबिक, आयुषी पहले से अपनी मां नीरज शर्मा की हत्या की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार है। जांच में सामने आया था कि उसने अपने चचेरे भाई बलराम के साथ मिलकर 7 लाख रुपए में सुपारी किलर तय किए थे। योजना यह थी कि मां की हत्या को सड़क हादसा दिखाकर पूरे मामले को दुर्घटना साबित कर दिया जाए। शुरुआती जांच में मौत एक्सीडेंट लग रही थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी कहानी बदल दी। इसके बाद पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सगे मामा ने पुलिस में दी शिकायत

अब इसी मामले में नया खुलासा तब हुआ, जब आयुषी के मामा राकेश शर्मा ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर दावा किया कि उनकी बहन नीरज शर्मा ही नहीं, बल्कि उनके जीजा विजय शर्मा की मौत भी सामान्य नहीं थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अप्रैल 2025 में आयुषी और उसके चचेरे भाई बलराम ने मिलकर विजय शर्मा की हत्या की थी।

तीन महीने तक अज्ञात अस्पताल में किया था भर्ती

मामा का कहना है कि ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद विजय शर्मा को एक अज्ञात अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि करीब तीन महीने तक परिवार के अन्य सदस्यों को न तो अस्पताल की जानकारी दी गई और न ही इलाज से जुड़ी कोई जानकारी साझा की गई। जब नीरज शर्मा ने लगातार पूछताछ की, तब उन्हें बताया गया कि विजय शर्मा एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। बाद में उन्हें घर लाया गया, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि उनके कई अंग प्रभावित हो चुके हैं।

फीडिंग ट्यूब निकालने का मामला

शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि आयुषी ने अपने पिता की फीडिंग ट्यूब निकाल दी, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। मामा का दावा है कि यह सामान्य मृत्यु नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस जांच हुई और कठिन

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बाद सभी तथ्यों की गहन जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मेडिकल रिकॉर्ड, अस्पताल से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जाएंगे। फिलहाल आयुषी पुलिस हिरासत में है और उससे इस नए आरोप को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

14 करोड़ की संपत्ति और नौकरी बनी वजह

मां की हत्या की जांच में पुलिस पहले ही यह दावा कर चुकी है कि आयुषी की नजर परिवार की 14 करोड़ की संपत्ति और सरकारी अनुकंपा नौकरी पर थी। पिता की मौत के बाद परिवार में नौकरी को लेकर विवाद बढ़ा था। आयुषी खुद नौकरी चाहती थी, जबकि परिवार ने दिव्यांग बेटे की देखभाल को देखते हुए नीरज शर्मा को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने का फैसला किया था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के बाद मां-बेटी के रिश्तों में खटास बढ़ी और कथित साजिश की नींव पड़ी।

अब पुलिस पिता की मौत की करेगी जांच

अब पिता की मौत पर लगे नए आरोपों ने इस पूरे मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विजय शर्मा की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे भी किसी साजिश का हाथ था। फिलहाल मामले की हर कड़ी को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।