
चेन्नई. यहां पेरिस स्थित राजा अन्नामलै मंड़म में स्कूल और कॉलेज छात्रों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर चेन्नई महानगर पुलिस कमिश्नर अमलराज ने हिस्सा लिया। उन्होंने छात्रों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में
टीवी अभिनेता गोपीनाथ, एडिशनल ट्रैफिक कमिश्नर चामुंडेश्वरी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों, एम्बुलेंस स्टाफ, ऑटो ड्राइवरों और आम नागरिकों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं 18 से 40 वर्ष के युवाओं के कारण
इस मौके पर अभिनेता गोपीनाथ ने युवाओं से कहा यातायात नियम तोड़ना एडवेंचर नहीं बल्कि आत्म-धोखा है। उन्होंने ज़ोर दिया कि असली एडवेंचर जिम्मेदारी से जीना और माता-पिता की मेहनत का सम्मान करना है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं 18 से 40 वर्ष के युवाओं के कारण होती हैं।
दुर्घटना पीड़ितों की तुरंत मदद करने का आह्वान
पुलिस आयुक्त अमलराज ने बताया साल 2026 में चेन्नई में लगभग 2,000 सड़क हादसे दर्ज हुए, जिनमें 280 लोगों की मौत हुई। उन्होंने कहा सड़क दुर्घटनाएं समाज को हत्या और डकैती जैसी समस्याओं से भी अधिक नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना पीड़ितों की तुरंत मदद करें और हेलमेट पहनना अपनी रोज़मर्रा की आदत बनाएं।