
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर उठे सवाल, जिला कलक्टर को भेजा ज्ञापन
दौसा. जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शुमार गेटोलाव धाम इन दिनों बदहाल सफाई व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण चर्चा में है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं, लेकिन परिसर में नियमित सफाई नहीं होने से जहां धार्मिक स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है, वहीं सरोवर में मगरमच्छों की मौजूदगी के चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर शहर के लोगों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन भेजकर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गेटोलाव धाम जिले की आस्था और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन लंबे समय से यहां सफाई व्यवस्था नियमित नहीं होने के कारण परिसर की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। वहीं सरोवर में मगरमच्छों की मौजूदगी के बावजूद पर्याप्त निगरानी, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा बैरिकेड्स का अभाव किसी भी समय हादसे की आशंका बढ़ा सकता है।
सामाजिक कार्यकर्ता विवेक खंडेलवाल सहित अन्य लोगों ने मांग की है कि नगर परिषद, वन विभाग और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से नियमित सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही सरोवर के आसपास चेतावनी बोर्ड, मजबूत बैरिकेड्स और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वन विभाग द्वारा मगरमच्छों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालु और पर्यटक सुरक्षित माहौल में दर्शन कर सकें।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गेटोलाव धाम को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो इससे न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित होगी, बल्कि जिले की पर्यटन छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
Updated on:
25 Jul 2026 06:02 am
Published on:
25 Jul 2026 06:02 am
