जयपुर

बर्थडे पार्टी में बवाल, क्लब में एमबीबीएस छात्रों पर बाउंसरों का हमला

मालवीय नगर स्थित जॉकर क्लब में सोमवार देर रात डांस पार्टी के दौरान हुआ विवाद हिंसक रूप में बदल गया। अपनी साथी का जन्मदिन मनाने पहुंचे एमबीबीएस छात्रों के साथ क्लब के बाउंसरों और कर्मचारियों ने जमकर मारपीट की।

2 min read
Dec 26, 2025

जयपुर. मालवीय नगर स्थित जॉकर क्लब में सोमवार देर रात डांस पार्टी के दौरान हुआ विवाद हिंसक रूप में बदल गया। अपनी साथी का जन्मदिन मनाने पहुंचे एमबीबीएस छात्रों के साथ क्लब के बाउंसरों और कर्मचारियों ने जमकर मारपीट की। घटना में कई स्टूडेंट घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल छात्र का एसएमएस ट्रोमा सेंटर में उपचार चल रहा है, जबकि एक अन्य छात्र का निजी अस्पताल में घुटने का ऑपरेशन किया गया है। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, आरयूएचएस के एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र ईशान अरोड़ा का जन्मदिन था। इस मौके पर उसके साथी स्टूडेंट्स ने मालवीय नगर स्थित जॉकर क्लब में डांस पार्टी रखी थी। पार्टी के दौरान रात करीब 11:15 बजे डांस करते समय धक्का लगने को लेकर क्लब में मौजूद अन्य लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर क्लब के बाउंसरों ने स्टूडेंट्स के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर स्थिति और बिगड़ गई।आरोप है कि क्लब के बाउंसर और कर्मचारियों ने आशीष चौधरी तथा उसके साथी युवराज, दयानंद, ईशान, सुरेश, रजत और अमित पर हमलावरों ने डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे क्लब में अफरा-तफरी मच गई।

हमले में आशीष चौधरी के सिर में तीन जगह गहरी चोटें आईं, जबकि पैर में भी गंभीर चोट लगी। सुरेश के सिर और आंख पर चोटें आई हैं। अमित के सिर में गहरी चोट बताई गई है। वहीं रजत गिल की पैर की हड्डी टूट गई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार आशीष की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना सबसे पहले घायल ईशान ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी। इसके बाद गोविंदपुरा कालवाड़ निवासी हरेंद्र कुमार गढ़वाल ने जवाहर सर्कल थाने में जॉकर क्लब के मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

Published on:
26 Dec 2025 06:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर