जयपुर

Rajasthan News : सीएम गहलोत का देर रात 2 बजकर 28 मिनट पर मैसेज, और मच गया हड़कंप !

Rajasthan News : सीएम गहलोत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देर रात 2 बजकर 28 मिनट पर एक ऐसा मैसेज चलाया, जिसके बाद जयपुर से लेकर कोटा तक हलचलें तेज़ हो गई। इस 'मैसेज' की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा में बनी रहीं।
3 min read
• •
Updated: 12 Sep 2023, 11:20 AM IST
cm ashok gehlot kota river front inauguration cancel here is reason

जयपुर।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दो दिवसीय कोटा दौरा आज शुरू होने से ऐन पहले ही एक दिवसीय दौरे में बदल गया। पूर्व घोषित कार्यक्रम में अचानक बदलाव सीएम गहलोत की ओर से देर रात 2 बजकर 28 मिनट पर जारी संदेश के बाद हुआ। सोशल मीडिया के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर चले संदेश में मुख्यमंत्री ने अपरिहार्य कारणों से कोटा जाने में असमर्थता जताई। हालांकि दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन का मुख्यमंत्री का कार्यक्रम यथावत रहेगा।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री को कोटा में करोड़ों रुपए की लागत से तैयार चंबल रिवर फ्रंट का आज लोकार्पण करना था। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इस परियोजना के भव्य शुभारंभ को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं और पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर था।

बेसब्री से कर रहा था इंतज़ार : सीएम गहलोत
सीएम गहलोत मंगलवार ने एक संदेश जारी कर कोटा दौरे में बदलाव का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, '12-13 सितंबर को कोटा के लोकार्पण मेरे द्वारा प्रस्तावित थे, जिसका मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा था। परन्तु अपरिहार्य कारणों से मैं 12 सितंबर के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाउंगा। 13 सितंबर के कार्यक्रम यथावत रहेंगे। सभी हाड़ौती वासियों को बधाई।'

'विकास की नई इबारत लिखेगा कोटा'
सीएम गहलोत ने यूडीएच मंत्री शान्ति धारीवाल के नाम का ज़िक्र करते हुए उनकी जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारे वरिष्ठ साथी यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा रिवर फ्रंट के रूप में हाड़ौती को एक ऐतिहासिक सौगात दी है। हाड़ौती क्षेत्र पर्यटन के क्षेत्र में पिछड़ा रहा है, परन्तु यह रिवर फ्रंट यहां पर्यटन बढ़ाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा और कोटा के विकास की नई इबारत लिखेगा। पिछले कार्यकाल में धारीवाल जी ने कोटा को सेवन वंडर्स की सौगात दी थी जिस पर अब फिल्मों की शूटिंग तक होती है।'

सस्पेंस बना 'अपरिहार्य कारण'

मुख्यमंत्री के कोटा दौरे में अचानक हुआ बदलाव राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी चर्चा का विषय बना रहा। मुख्यमंत्री ने जिस 'अपरिहार्य' कारणों से आज कोटा नहीं जाने का अचानक फैसला लिया, इस बारे में चर्चा रही। ऐसे में कोटा दौरा रद्द होने के वास्तविक कारणों पर लोगों के बीच सस्पेंस बरकरार रहा।

पूर्व विधायक ने लगाए गंभीर आरोप

रिवर फ्रंट के लोकार्पण से ठीक एक दिन पहले भाजपा के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कोटा में एक प्रेस कांफ्रेंस की और कई आरोप लगाए। गुंजल का आरोप है कि जिस चंबल नदी पर रिवर फ्रंट बनाया गया है, वो राजस्व रिकॉर्ड में गैर मुमकिन नदी है, जो कि घडियाल अभ्यारण के दायरे में आती है।

सीएमओ तक में मचा हड़कंप !

सूत्रों के मुताबिक़ पूर्व विधायक की प्रेस कांफ्रेंस में तथ्यों के साथ लगाए आरोपों के बाद कोटा से लेकर दिल्ली तक में खलबली मच गई। यूडीएच से लेकर सीएमओ में देर रात तक फाईलें टटोली गईं। बताया जा रहा है कि सीएम ने मुख्य सचिव और पर्यावरण विभाग के अफसरों से देर रात तक जवाब-तलब किया, जिसके बाद रिवर फ्रंट का लोकार्पण नहीं करने का फैसला हुआ। हालांकि इस बारे में आधिकारिक तौर पर सीएम, मंत्री या किसी अन्य अफसर की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।

केबिनेट बैठक भी स्थगित
सीएम अशोक गहलोत की बुधवार को कोटा में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित हो गई है। ये बैठक इस बार नवनिर्मित ऑक्सीजोन में होने वाली थी। स्थगित हुई बैठक आगामी दिनों में कब होगी इसे लेकर फिलहाल कोई तिथि का ऐलान नहीं किया गया है।

Published on: