
जयपुर ।
राजस्थान में बीजेपी की चुनावी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। चुनावी साल में सीएम राजे की गौरव यात्रा को लेकर भी लगातार बैठकों का दौर चल रहा है और यात्रा को लेकर सभी मंत्री, नेता, कार्यकर्ता समेत पूरी बीजेपी पार्टी सतर्क है।
इन्हीं तैयारियों के बीच राजसमंद के चारभुजानाथ से शुरू होने वाली सूरज गौरव यात्रा की तैयारियों ने भी जोर पकड़ लिया है । राजसमंद शहर को गौरवमयी दिखाने के लिए नगरीय निकाय के साथ जिला प्रशासन ने भी मशक्कत शुरू कर दी है। सडक़ सुदृढ़ीकरण के साथ साफ, सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के संभावित रूट में आने वाले तमाम शौचालयों की गन्दगी हटाने के साथ ही रंग रोगन कर चमकाने का प्रयास किया जा रहा है । साथ ही शहर की तंग गलियों से लेकर मुख्य सडक़ पर बेतरतीब विचरण करने वाले मवेशियों को काइन हाउस में बंद करने का नगरपरिषद ने सख्त कदम उठा लिया है।
आपको बता दें कि 4 अगस्त को जेके स्टेडियम राजसमंद में भाजपा की राजस्थान गौरव यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के आगमन को लेकर पूरा जिला प्रशासन का प्रशासनिक अमला वीआईपी व्यवस्थाओं में जुट गया है। मुख्यमंत्री के चारभुजानाथ दर्शन, गौरव यात्रा की शुरुआत से लेकर राजसमंद में सभा, श्री द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन तक के संभावित शिड्यूल को लेकर नगरपरिषद द्वारा साफ सफाई, रंग रोगन, क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत के कार्य अंतिम चरण में है।
बता दें कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 58 दिवसीय राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान 6054 किमी का सफर कर 165 विधानसभा के मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी। शेष 35 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के जाने का कार्यक्रम इस यात्रा से अलग बनाया गया है। यात्रा के दौरान 18 दिन विश्राम करेंगे।