School Holidays In Rajasthan: राजधानी जयपुर सहित अधिकतर जिलों में लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है।
जयपुर। राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का असर तेज हो गया है। राजधानी जयपुर सहित अधिकतर जिलों में लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते आज भी 25 जिलों में स्कूलों की छुट्टी है। मौसम विभाग ने भी आज प्रदेश के 24 जिलों में घने कोहरे-शीतलहर का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
घने कोहरे और शीतलहर के प्रकोप से राजस्थान में आज भी जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। रात से ही सर्द हवाओं के असर के चलते गलन बढ़ गई, जिससे लोग ठिठुरते नजर आए। बुधवार सुबह भी अधिकतर जिलों में कोहरे और बादलों की चादर छाई हुई है। जिससे सर्दी का असर और तेज हो गया। हालात यह है कि सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते दिखाई दे रहे है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो हिल स्टेशन माउंट आबू सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान शून्य पर दर्ज किया गया। वहीं, डूंगरपुर में 3, पाली में 5, सिरोही में 4.1, पाली में 4.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पिलानी में दिन का अधितम तापमान सबसे कम 11.5 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में पांच डिग्री तक दिन के तापमान में गिरावट आई।
| क्रमांक | जिला | कक्षा | छुट्टी कब तक |
|---|---|---|---|
| 1 | जयपुर | 1 से 5वीं | 10 जनवरी |
| 2 | जयपुर | 6 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 3 | हनुमानगढ़ | 1 से 8वीं | 10 जनवरी |
| 4 | श्रीगंगानगर | 1 से 8वीं | 10 जनवरी |
| 5 | बूंदी | नर्सरी से 5वीं | 12 जनवरी |
| 6 | बूंदी | 1 से 8वीं | 7 जनवरी |
| 7 | बारां | 1 से 8वीं | 7 जनवरी |
| 8 | दौसा | 1 से 8वीं | 7 जनवरी |
| 9 | प्रतापगढ़ | 1 से 8वीं | 7 जनवरी |
| 10 | झालावाड़ | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 11 | अजमेर | 1 से 8वीं | 10 जनवरी |
| 12 | डूंगरपुर | प्री-प्राइमरी से 5वीं | 7 जनवरी |
| 13 | भीलवाड़ा | 1 से 5वीं | 8 जनवरी |
| 14 | टोंक | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 15 | चित्तौड़गढ़ | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 16 | नागौर | 1 से 8वीं | 7 जनवरी |
| 17 | भरतपुर | 1 से 5वीं | 8 जनवरी |
| 18 | डीडवाना-कुचामन | 1 से 5वीं | 8 जनवरी |
| 19 | राजसमंद | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 20 | पाली | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 21 | झुंझुनूं | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
| 22 | कोटपूतली-बहरोड़ | नर्सरी से 8वीं | 10 जनवरी |
| 23 | धौलपुर | 1 से 8वीं | 10 जनवरी |
| 24 | सवाई माधोपुर | नर्सरी से 8वीं | 10 जनवरी |
| 25 | कोटा | प्री-प्राइमरी से 8वीं | 10 जनवरी |
| 26 | बाड़मेर | 1 से 8वीं | 8 जनवरी |
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 24 जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र जयपुर ने सवाई माधोपुर, बूंदी और कोटा में घने कोहरे-शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, टोंक, जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, गंगानगर और बीकानेर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सीकर, चूरू और झुंझुनूं में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।