
निवाई. सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के गोदाम से 7.5 टन गेहूं की चोरी एवं गबन के मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 139 कट्टों में भरा करीब 7,500 किलोग्राम गेहूं तथा दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। पुलिस उपाधीक्षक रविप्रकाश शर्मा ने बताया कि सोमवार को टोंक रोड स्थित गुंसी में लिमिटेड कंपनी के गोदाम प्रबंधक ओमप्रकाश ने गेहूं की चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही निवाई सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए सीताराम सैनी(25) पुत्र त्रिलोकनाथ सैनी निवासी रूणिया बड़ा बास थाना नापासर बीकानेर तथा मनराज गुर्जर (27) पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी राधागोविंदपुरा थाना निवाई सदर को गिरफ्तार कर लिया। तथा मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लदा 139 कट्टों में भरा करीब 7.5 टन गेहूं बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फोटोकेप्शन
एनई0408सीसी-निवाई. कट्टों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली।