
निवाई. उपखंड क्षेत्र के सिरोही गांव की सड़क बारिश के बाद दलदल में तब्दील हो गई है। सड़क पर फैली चिकनी मिट्टी और कीचड़ के कारण दुपहिया वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा बन गया है। आए दिन वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को आवागमन के लिए 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ से भर जाती है। मोटरसाइकिल और स्कूटी के पहिए फिसलने से चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाओं घटित होती रहती है। दलदल से हरदम हादसों की आशंका बनी रहती है। रात के समय सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को झिलाय से भरथला बीड़, खाजपुरा और बड़ागांव होकर सिरोही गांव पहुंचना पड़ रहा है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि ईंधन पर भी अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, सरकारी कर्मचारियों तथा विभिन्न विद्यालयों में आने-जाने वाली महिला शिक्षकों को हो रही है। प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करना उनकी मजबूरी बन गया है।हनुमान गुर्जर, रामराय, हेमराज गुर्जर, हरकेश गुर्जर, हंसा, हरिराम मीणा, समीर खान सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर तत्काल झिकरा डलवाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे फिसलन कम होगी और आवागमन कुछ हद तक सुरक्षित हो सकेगा।ग्रामीणों ने बताया कि यदि शीघ्र राहत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल अस्थायी व्यवस्था करने के साथ ही सड़क के स्थायी निर्माण के लिए भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
फोटोकेप्शन
एनई0408सीडी-निवाई. दलदल में तब्दील सिरोही गांव की मुख्य सड़क।
Updated on:
05 Aug 2026 06:02 am
Published on:
05 Aug 2026 06:02 am
