जयपुर

मतदाताओं तक पहुंचने के लिए कांग्रेस का ‘घर-घर एप

'घर-घर मोबाइल एप' में डाला जा रहा है मतदाताओं का डाटा, एक लाख कार्यकर्ताओं के पास होगा एप का एक्सेस
2 min read
Feb 16, 2019
rajasthan news
rajasthan news

जयपुर। दो माह बाद होने जा रहे लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस अब चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं तक पहुंचने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल कर रही है। इसके लिए कांग्रेस ने 'घर-घर मोबाइल एप' तैयार किया है। 'घर-घर एप' में कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ के मतदाताओं का डाटा डालेंगे, जिससे लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान ये पता चल जाएगा कि किस बूथ पर कितने मतदाता हैं? सूत्रों की माने तो पार्टी के आला नेताओं को इस मोबाइल एप से काफी उम्मीदें हैं।

बताया जाता है कि 'घर-घर मोबाइल एप का ऐक्सिस कांग्रेस के एक लाख कार्यकर्ताओं के पास होगा जो शक्ति एप से जुड़े कार्यकर्ता होंगे, शक्ति एप से जुड़े कार्यकर्ताओं में से भी लेवल 4 के कार्यकर्ताओं को इस ऐप में एक्सेस दिया जाएगा। 15 फरवरी से 25 फरवरी तक चल रहे बूथ मैनेजमेंट प्रशिक्षण शिविर में भी घर-घर ऐप में कार्यकर्ताओं को किस प्रकार काम करना है, उसकी ट्रेनिंग दी जा रही है।


मतदाताओं की प्रत्येक जानकारी होगी एप में
पार्टी सूत्रों की माने तो घर-घर एप में प्रत्येक मतदाता का संपूर्ण डाटा मौजूद रहेगा। कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट ट्रेनिंग प्रोग्रामों में यह भी सिखाया जा रहा है कि उन्हें 'घर-घर एप' में मतदाताओं की क्या-क्या जानकारी का डाटा डालना है, जैसे कि बूथ में कौनसा परिवार कहां रहता है, उनकी विचारधार क्या है। बताया जाता है कि 'घर-घर एप' के जरिए कांग्रेस के पास पूरे 4 करोड़ 74 लाख वोटरों का डाटा पहुंचाएगा। इस डाटा का इस्तेमाल राजस्थान कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में भी करेगी।


25 फरवरी तक तैयार होंगे 60 हजार ट्रेंड वर्कर
दरअसल पार्टी 25 फरवरी तक प्रदेश की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में 60 हजार प्रशिक्षित बूथ वर्कर तैयार करना चाहती है। इसके लिए 15 फरवरी से 25 फरवरी तक बूथ मैनेजमेंट प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बता दें कि हाल ही में जयपुर के शिवदासपुरा के बाड़ा पदमपुरा में बूथ मैनेजमेंट प्रशिक्षिण शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें 165 कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई थी। जिसके बाद ट्रेंड कार्यकर्ता अब 25 फरवरी तक सभी जिलों में कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट और 'घर-घर मोबाइल एप' की ट्रेनिंग दे रहे हैं।


चार लोकसभा क्षेत्रों में ट्रेनिंग स्थगित
प्रदेश कांग्रेस की ओऱ से बूथ मैनेजमेंट की ट्रेनिंग के 15 से 25 फरवरी तक चलाए जा रहे प्रशिक्षण शिविर गुर्जर आरक्षण आंदोलन के चलते दौसा, करौली-धौलपुर, टोंक-सवाई माधोपुर और भरतपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए प्रशिक्षण शिविर स्थगित कर दिए गए हैं। यह शिविर इन चार क्षेत्रों में 19 फरवरी से आयोजित होंगे।

Published on:
16 Feb 2019 12:38 pm