जयपुर

कांग्रेस ने निकाली ‘भ्रष्टाचार मिटाओ-भाजपा भगाओ’ पदयात्रा

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से किशनपोल बाजार तक कांग्रेस का पैदल मार्च, रास्ते में कई स्थानों पर पदयात्रा का कांग्रेसियों ने किया स्वागत

2 min read
कांग्रेस ने निकाली 'भ्रष्टाचार मिटाओ-भाजपा भगाओ' पदयात्रा

सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। शहर कांग्रेस की ओर से बुधवार को 'भ्रष्टाचार मिटाओ-भाजपा भगाओ' पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा दोपहर करीब पौने बारह बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से रवाना हुई और विभिन्न बाजारों से होते हुए छोटी चौपड़ स्थित किशनपोल बाजार पहुंची।

पदयात्रा में शहर कांग्रेस के अलावा बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेसी रैली में भ्रष्टाचार मिटाओ-भाजपा भगाओ के नारे लगा रहे थे। इस दौरान शहर जिलाध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता प्रताप सिंह खाचरियावास ने परकोटे के सौन्दर्यीकरण सहित तमाम कार्यों में सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगाए।

पदयात्रा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रवाना होकर संजय सर्किल, चांदपोल बाजार और छोटी चौपड़ होते हुए किशनपोल बाजार पहुंची। रैली का रास्ते में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पदयात्रा में शहर के आठों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों के साथ पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक व सांसद सभी को बुलाया गया था। इनके अलावा सभी 91 वार्डों के अध्यक्ष पदाधिकारी व अग्रिम संगठनों के नेता मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा पर हमले तेज कर दिया है। राज्यभर में मेरा बूथ-मेरा गौरव कार्यक्रम पहले ही चल रहे हैं। अब कांग्रेस ने भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरने की रणनीति बनाई है। इसी के तहत यह पदयात्रा निकाली गई थी। कांग्रेस का आरोप है कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार के तमाम विभागों में भ्रष्टाचार हुए हैं।

पदयात्रा की आड़ में शक्ति प्रदर्शन
कांग्रेस की पदयात्रा की आड़ में शहर के तमाम विधानसभा क्षेत्रों से टिकट मांग रहे उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। पदयात्रा में कई विधानसभा क्षेत्रों के दावेदारों ने अपने पोस्टरों का विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी के साथ प्रदर्शन किया। पदयात्रा के चलते परकोटे का यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। छोटी चौपड, किशनपोल, त्रिपोलिया बाजार और चांदपोल में लंबा जाम लग गया।

ये भी पढ़ें

पति ने ऐसा क्या किया कि गर्भवती झूल गई फंदे पर…
Published on:
20 Jun 2018 03:18 pm
Also Read
View All