
जयपुर। प्रदेशभर में बीते छह दिनों से रही बादलों की आवाजाही और छितराई बौछारों ने गर्मी के तेवर नर्म कर दिए हैं। लगातार बादल छाए रहने से जहां पारे में गिरावट दर्ज हो रही है वहीं झुलसाती गर्मी का असर फिलहाल पश्चिमी मैदानी इलाकों तक सीमित रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने लगा है और आगामी दिनों में दूसरे विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना फिलहाल कमजोर है जिसके चलते इस सप्ताह के अंत तक झुलसाती गर्मी का असर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में नजर आएगा।
राजधानी में आज सुबह आसमान में छितराए बादलों की आवाजाही रही वहीं पुरवाई हवाएं चलने से सुबह मौसम में ठंडक महसूस हुई है। बीती शाम शहर के कुछ हिस्सों में हुई छिटपुट बौछारों से रात मे तापमान स्थिर रहा लेकिन तेज रफ्तार से बही पुरवाई हवा ने ठंडक का अहसास कराया। शहर में आज सुबह करीब 16 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से बह रही दक्षिण पूर्वी हवाओं के कारण धूप की तपिश भी मौसम में गर्माहट बढ़ाने में बेअसर रही है। आज सुबह नौ बजे अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज छितराए बादलों की आवाजाही रहने और धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। मौसम केंद्र के सूचना के अनुसार बीते चौबीस घंटे में सवाई माधोपुर में 6.0 मिमी बारिश मापी गई वहीं अजमेर में 4.2,वनस्थली 0.8, बीकानेर 0.6 और श्रीगंगानगर में 0.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। राजधानी जयपुर और सीकर में छितराई बौछारें गिरने से मौसम ने पलटा खाया और दोपहर में उमस और धूप की तपन झेल रहे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। जयपुर में बीती रात तापमान स्थिर रहा वहीं आज सुबह पुरवाई हवाएं चलने पर धूप की तपिश का असर भी कम महसूस किया गया। आज सुबह शहर में छितराए बादलों की आवाजाही रही लेकिन सूर्योदय के साथ ही बादल छंट गए और धूप खिली लेकिन गर्मी तेवर नर्म रहे।