
मूल्की (दक्षिण कन्नड़). मेंगलूरु को गोवा और महाराष्ट्र से जोडऩे वाले कोंकण रेलवे मार्ग पर लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। विशेषकर मत्स्यगंधा एक्सप्रेस (12619/12620) और मेंगलूरु एक्सप्रेस (12133/12134) में बीते दो महीनों के दौरान हुई वारदातों से परिवारों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों में भय का माहौल है। हाल ही में हुई एक बड़ी घटना में यात्री ललिता सालियान के लगभग 30 लाख रुपए मूल्य के स्वर्णाभूषण चोरी हो गए। घटना को 50 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद रेलवे पुलिस अब तक आरोपितों का सुराग नहीं लगा सकी है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 15 जुलाई को चोरी का प्रयास रोकने के दौरान एक टीटीइ और यात्री मंजुनाथ पुजारी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना ने ट्रेनों में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।