
निवाई. केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो, इसके लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय में उप जिला कलक्टर गंभीर सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उप जिला कलक्टर गंभीर सिंह ने बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की बिंदुवार समीक्षा से की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से एक-एक कर पालना रिपोर्ट ली और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल और विद्युत आपूर्ति की नियमित व्यवस्था, नालों की सफाई तथा मानसून के दौरान आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बारिश के दौरान नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने, आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने तथा आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
उप जिला कलक्टर ने क्षेत्र में चल रहे पौधरोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ गति देने, पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। विकास अधिकारी को सभी ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी करने और विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर सतत नजर रखने के लिए कहा। बैठक में तहसीलदार सृष्टि जैन, विकास अधिकारी नंदकिशोर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटोकेप्शन
एनई2307सीडी-निवाई. ब्लॉक स्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी व एसडीएम।
Updated on:
24 Jul 2026 06:02 am
Published on:
24 Jul 2026 06:02 am
