24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नगरपालिका में अधिकारियों के तबादलों से कामकाज ठप

जयपुर

image

Newsdesk

Jul 24, 2026

Rajasthan

लीड ...............

मंडरायल. नगरपालिका कार्यालय में पर्याप्त स्टाफ के अभाव और हाल ही में अधिकारियों के तबादलों के बाद प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है। हालात यह हैं कि रोजाना विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। अधिकारियों के पद खाली होने से जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उपखंड मुख्यालय मंडरायल को नगरपालिका का दर्जा मिले करीब तीन-चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन स्थापना के बाद से ही यहां अधिकांश पद रिक्त रहे हैं। अब हालात और भी गंभीर हो गए हैं। हाल ही में अधिशासी अधिकारी प्रशांत मीणा के एपीओ होने तथा अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश आर्य और कनिष्ठ अभियंता रश्मि मीणा के तबादले के बाद तीनों प्रमुख पद खाली हो गए हैं। अभी तक इन पदों पर किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है, जिससे कार्यालय का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। कार्यालय में अधिकारी नहीं होने से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, पट्टा जारी करने, अनापत्ति प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरपालिका बनने के बाद क्षेत्र के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की उम्मीद जगी थी, लेकिन पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति नहीं होने से लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ग्रामीण सचिन सिंह, रामबाबू सिंह, शशांक शर्मा, मनमोहन शर्मा, बिजेंद्र शर्मा और सोनू सहित अन्य लोगों ने बताया कि कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी नहीं होने से आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग जरूरी कार्यों के लिए प्रतिदिन कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन अधिकारी नहीं मिलने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि नगरपालिका कार्यालय के रिक्त पदों पर शीघ्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।

मंडरायल नगरपालिका कार्यालय में अपने कार्य के लिए अधिकारियों का इंतजार करते फरियादी।