www.patrika.com/rajasthan-news/
चौमूं। राजधानी जयपुर समेत शहर समेत आस-पास क्षेत्र में गुरुवार को बारिश होने से जगह-जगह पानी भर गया। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार रात तक रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही।
गुरुवार सुबह भी हुई बारिश हुई, लेकिन दिनभर गर्मी बनी रही। गुरुवार शाम को फिर बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। रावण गेट, धनजी की गली, मोरीजा पुलिया के पास समेत विभिन्न स्थानों पर पानी भर गया।
कालाडेरा क्षेत्र में सुबह 6 बजे से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान कही हल्की व तेज बारिश का दौर 3 घण्टे तक लगातार चला। जिससे खेत-खलिहान एवं सड़कों पर पानी भर गया। खेतों में पानी देख किसानों के मुरझाए चेहरे खिल उठे। इधर, दोपहर बाद धूप खिलने से लोग उमस से बेहाल हो गए।
जैतपुरा क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। अल सुबह से जारी बारिश से खेत-खलिहान व सड़कों पर पानी भर गया। वहीं लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
रामपुरा कस्बे सहित आसपास के गांवों में बुधवार रात्रि से ही रुक-रुक कर बारिश चलता रहा। गुरूवार प्रात: तेज बरसात हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया। वहीं चाय-पकौड़ी की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई।
राजावास में गुरुवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। यहां हुई तेज बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। खेत लबालब हो गए, वहीं सड़कें दरिया बन गई। राजावास बस स्टैंड से नांगल पुरोहितान की ओर जाने वाले मार्ग पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कई लोगों के वाहन खराब भी हो गए। क्षेत्र के नांगल पुरोहीतान, रमल्यावाला, मोठू का बास, राजारामपुरा आदि गांवों मे मूसलाधार बारिश हुई।
किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर
रायथल, रघुनाथपुरा, जालसू, देवगुढ़ा, बावड़ी सहित आसपास के गांवों में बुधरात रात से गुरुवार सुबह तक रिमझिम बारिश का दौर चलने से किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। किसान रामेश्वर ने बताया कि बारिश होने से बाजरा, मूंगफली सहित खरीफ की अन्य फसलों को लाभ होगा। वहीं ग्रामीण मालीराम ने बताया कि बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन सड़कों पर पानी भरने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।