जयपुर

तीन हजार लोगों से ठगी करने वाले साइबर ठग गिरफ्तार

काजल क्लब के नाम पर फर्जी विज्ञापन देकर करते थे ठगी

less than 1 minute read
Jul 16, 2021
तीन हजार लोगों से ठगी करने वाले साइबर ठग गिरफ्तार

तीन हजार लोगों से करीब 80 लाख रुपए की ठगी कर चुके दो साइबर ठगों को खोह नागोरियान थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने ठगी के समय काम में लिए मोबाइल फोन, सिमत, दो एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
डीसीपी (पूर्व) प्रहलाद कृष्णिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मीनारायणपुरी रामगंज निवासी दिलीप शर्मा उर्फ नरेश शर्मा उर्फ लाला और सूरज कालोनी बदनपुरा गलतागेट निवासी विजेंद्र कुमार शर्मा उर्फ विजय शर्मा उर्फ कालूराम शर्मा हैं। आरोपी अखबार में काजल क्लब के नाम से विज्ञापन देकर नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करते थे। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अलग अलग बैंकों में खाते खुलवा रखे थे। अब तक जांच में तीन हजार लोगों से करीबन 80 लाख रुपए की ठगी करने का खुलासा हुआ हैं।

इस तरह करते है ठगी-
पीड़ित ने विज्ञापन देखकर फोन किया, जिसमें कालूराम नामक व्यक्ति ने नौकरी और पैसा कमाने के बड़े बड़े सपने दिखाए और उससे करीबन 90 हजार रुपए बैंक खाते में जमा करवा लिए। नौकरी के लिए कहने पर उसे लड़कियों के जरिए ब्लैकमेल करवाने और जेल भिजवाने की धमकियां दी। मामला दर्ज होने के बाद थानाधिकारी भवानी सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बैंकों से प्राप्त खातों की डिटेल लेने के बाद उसमें दर्ज पते की जांच की, तो बैंक खातों में दर्ज जानकारियां फर्जी मिली। इसके बाद एटीएम कार्ड उपयोग के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के बाद उनके बैंक खातों के आधार पर अन्य वारदातों की जानकारी जुटाने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने तीन हजार लोगों से करीबन 80 लाख रुपए ठगना स्वीकार किया है।

Published on:
16 Jul 2021 11:38 pm
Also Read
View All