Delhi Assembly Election 2025: निर्वाचन आयोग द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सियासी पारा गरमाया हुआ है। इसकी आंच अब राजस्थान में भी पहुंच रही है।
Delhi Assembly Election 2025: निर्वाचन आयोग द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सियासी पारा गरमाया हुआ है। इसकी आंच अब राजस्थान में भी पहुंच रही है। क्योंकि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो गई है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने आम आदमी को विपक्षी पार्टी बताया। इसके बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गहलोत पर पलटवार किया है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि, "श्री गहलोत जी। आपने साफ़ कर दिया कि दिल्ली में “आप” कांग्रेस का विपक्ष है। बीजेपी पर आप चुप रहे। लोगों को भी यही लग रहा था कि कांग्रेस के लिए “आप” विपक्ष है और बीजेपी पार्टनर है।"
उन्होंने कहा कि लोगों का भी यही मानना था कि बीजेपी और कांग्रेस मिलकर “आप” के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ रहे हैं। अभी तक आप दोनों के बीच ये सहयोग चोरी छिपे था। आज आपने इसे सार्वजनिक कर दिया। इस स्पष्टीकरण के लिए दिल्ली की जनता की और से धन्यवाद।
इससे पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पर कहा कि वे (AAP) हमारे लिए विपक्ष है। उन्हें यह भ्रम है कि वे 2 बार जीत गए थे तो इस बार भी जीत जाएंगे। इस बार माहौल बदला हुआ लगता है। कांग्रेस बहुत बेहतर तरीके से चुनाव अभियान चला रही है और इस बार उम्मीद है कि परिणाम अच्छे आएंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने कमर कसी हुई है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, भाजपा, बसपा सहित अन्य सभी राजनीतिक भी उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं। इस बार लोकसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन में रही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों दिल्ली में अपने-अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। आप पार्टी ने तो सभी 70 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है।
गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 5 फरवरी को मतदान होना है। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। बता दें, दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।