
गुढ़ाचंद्रजी. सावन माह में शिवालयों में धार्मिक आयोजनों की धूम मची हुई है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की आराधना कर बिल्वपत्र अर्पित कर रहे हैं। साथ ही सहस्त्र घट, रुद्राभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में तालचिड़ा गांव स्थित पहाड़ी पर बने महादेव मंदिर में मंगलवार को शिव भक्तों की ओर से भगवान भोलेनाथ का सैकड़ों कलशों से सहस्त्र घट किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान के बाद बिल्वपत्र और गुलाब के फूलों से भगवान भोलेनाथ की झांकी सजाई गई।
श्रद्धालु मनोज शर्मा ने बताया कि आचार्य रघुनंदन शास्त्री के सान्निध्य में विधि-विधान से सहस्त्र घट का आयोजन हुआ। करीब तीन घंटे तक चले कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आंक, धतूरा, कमलगट्टा, फल और मिठाई अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन भी किया गया।
फोटो कैप्शन.
गुढ़ाचंद्रजी. तालचिड़ा गांव स्थित महादेव मंदिर में भोलेनाथ की झांकी।