
बालघाट. क्षेत्र के कमालपुरा गांव स्थित सीताराम मंदिर से गुढ़ाचंद्रजी स्थित खाटूश्याम मंदिर के लिए शनिवार को प्रथम एक दिवसीय पैदल यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले आचार्य संतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद श्रद्धालु हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे और जय श्री श्याम के जयघोष के बीच पैदल यात्रा पर रवाना हुए।
ग्राम सरपंच कमलेश देवी ने कहा कि कलयुग में बाबा श्याम की विशेष महिमा है। उनकी पूजा-अर्चना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन और बाबा श्याम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। गुढ़ाचंद्रजी स्थित खाटूश्याम मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके बाद खीर-पुआ के भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नथोली योगी, बगाली डॉक्टर, गोपाल मीणा, काडू शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन. कमालपुरा गांव से गुढ़ाचंद्रजी स्थित खाटूश्याम मंदिर के लिए रवाना हुई प्रथम पैदल यात्रा।