
निवाई. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी में शनिवार को करगिल विजय दिवस पूरे उत्साह, गर्व और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में दिनभर देशभक्ति का उल्लास छाया रहा। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली निकाली और देशभक्ति नारों से आमजन को राष्ट्रप्रेम के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान कारगिल के अमर शहीदों और भारतीय सेना के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से सलामी देकर उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। प्रधानाचार्य डॉ.कुसुम कौशिक ने कहा कि करगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अद्वितीय शौर्य, साहस और समर्पण का स्मरण दिवस है।उपप्रधानाचार्य आत्माराम रैगर ने कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देकर मातृभूमि की रक्षा की और विश्व पटल पर भारतीय सेना की वीरता का परचम लहराया।शारीरिक शिक्षिका मीनाक्षी गुर्जर ने विद्यार्थियों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का महत्व बताते हुए कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। कार्यक्रम में चांदमल मीणा, प्रतिभा जैन, राजकुमार बैरवा, हरकेश मीणा, पप्पूलाल वर्मा, सुलोचना मीणा, राजीव योगी, धर्मेंद्र चौधरी, जयकिशन चौहान, रामसिंह मीणा तथा श्रीचंद्रप्रकाश अजमेरा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।
फोटोकेप्शन
एनई2507सीएफ-निवाई. राउमावि बस्सी में करगिल के शहीदों को सलामी देते शिक्षक व विद्यार्थी।
Updated on:
26 Jul 2026 06:02 am
Published on:
26 Jul 2026 06:02 am
