जयपुर

सावन मास शुरू, धीमी पड़ी मानसून एक्सप्रेस की चाल

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Jul 28, 2018
weather in jaipur
मौसम में परिवर्तन, चिंता में किसान

जयपुर। सावन मास आज से शुरू हो गया है लेकिन पूर्वी राजस्थान को छोड़ प्रदेश के शेष इलाकों में पश्चिमी हवाएं चलने पर बारिश का दौर धीमा पड़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल मानसून के बादल प्रदेश के पूर्वी जिलों में ठहरे हुए हैं और अगले दो तीन दिन पूर्वी जिलों में छिटपुट बारिश होने व शेष भागों में मौसम शुष्क रहने का अंदेशा है।


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश के मध्य इलाकों में बने निम्न वायुदाब क्षेत्र के असर से उत्तर पूर्वी राज्यों में मानसून की हलचल बढ़ रही है। वहीं प्रदेश में पश्चिमी हवाएं चलने से पश्चिमी जिलों से होकर पूर्वी जिलों की ओर बादलों की आवाजाही बढ़ रही है। उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने पर पूरब समेत पश्चिमी जिलों में बारिश का दौर सक्रिय होने में तीन चार दिन का वक्त लगने की संभावना है। बीते चौबीस घंटे में अलवर,भरतपुर, चित्तौड़,चूरू,धौलपुर,डूंगरपुर, श्रीगंगानगर,प्रतापगढ़,सिरोही और जयपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश का दौर रहा। भरतपुर में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश अब थम गई है हालांकि छिटपुट बारिश जिले के कई कस्बों में रिकॉर्ड हुई है।

बारिश का दौर धीमा पड़ने पर भी बांधों में पानी की आवक बनी हुई है। जयपुर की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध में धीमी रफ्तार से पानी की आवक होने से बांध का जलस्तर बीते दो दिन से 309.37 आरएल मीटर पर ठहरा हुआ है। जयपुर शहर को रोजाना जलापूर्ति होने से बांध के जलस्तर में रोजाना दो सेंटीमीटर गिरावट होती है लेकिन त्रिवेणी से होकर बांध में पानी पहुंचने से बांध का जलस्तर स्थिर बना हुआ है।


राजधानी में लगातार तीसरे दिन भी बादल छाए हुए हैं लेकिन मेघ शहर पर मेहरबान नहीं हो रहे हैं। बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी जोर पकड़ने लगी है वहीं स्थानीय मौसम केंद्र ने आज भी शहर में मौसम शुष्क रहने और दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने का अंदेशा जताया है। शहर में आज सुबह नौ बजे 28 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ वहीं शहर के बाहरी इलाकों में अल सुबह हल्की धुंध का असर भी दिखाई दिया है।

Published on:
28 Jul 2018 11:51 am