जयपुर

Rajasthan Politics : आज फिर ED कार्यालय का घेराव, यूथ Congress करेगी विरोध-प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर

यूथ कांग्रेस ने देशभर में अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे ईडी की राजनीति प्रेरित कार्रवाईयों के खिलाफ सड़कों पर उतरें।

less than 1 minute read
Apr 19, 2025
कांग्रेस (फोटो: पत्रिका)

जयपुर। राजधानी में आज यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी के दफ्तर का घेराव करेंगे। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे शुरू होगा। प्रदर्शन को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यूथ कांग्रेस ने देशभर में अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे ईडी की राजनीति प्रेरित कार्रवाईयों के खिलाफ सड़कों पर उतरें।

कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है। यह प्रदर्शन उस समय और तेज हो गया, जब ईडी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि मोदी सरकार विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

जयपुर में यह मामला उस वक्त गरमा गया, जब पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के घर पर ईडी की रेड हुई। इससे कांग्रेस नेताओं में नाराजगी और बढ़ गई। कांग्रेस ने इसे बदले की कार्रवाई बताते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले ही भाजपा पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है और भाजपा केंद्रीय एजेंसियों को विपक्ष के खिलाफ एक राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है।

आज के घेराव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और ईडी कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग की गई है। यूथ कांग्रेस का कहना है कि जब तक ईडी की कार्रवाईयों में पारदर्शिता नहीं आती और विपक्षी नेताओं को टारगेट करना बंद नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इसे केवल कांग्रेस नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई बताया है।

Published on:
19 Apr 2025 09:04 am
Also Read
View All

अगली खबर