
जयपुर. प्रदेश में पारे की उलटी चाल और आसमान में छाए धूएं के गुबार ने सर्दी का असर तेज कर दिया है। शेखावाटी अंचल में हाडकंपाने वाली सर्दी का अहसास लोगों को होने लगा है। हिमालय तराई इलाकों से होकर मैदानों तक पहुंच रही सर्द हवाओं ने अब ठिठुरन बढ़ा दी है और आगामी दिनों में पारे में और गिरावट होने पर सर्दी के तेवर और तीखे होने की आशंका मौसम विभाग ने जता दी है।
हवा में नमी बढऩे पर बदले मौसम से सर्दी तीखे तेवर दिखा रही है। राजधानी में बीती रात नवंबर माह में सीजन की सबसे सर्द रही और पारा एक डिग्री लुढक़कर 13.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में आसमान में छाए स्मॉग का असर सुबह राजधानी में भी नजर आया और स्मॉग के कारण सुबह दृश्यता में भी गिरावट देखी गई।
नर्म हवाओं ने मैदानों में डाला डेरा
उत्तरी राज्यों से आ रही नर्म हवाओं ने मैदानों में अब डेरा जमा लिया है। बीती रात शेखावाटी अंचल में हाडकंपाने वाली सर्दी का अहसास लोगों को हुआ। बीती रात 7.5 डिग्री तापमान के साथ सीकर जिला सबसे सर्द रहा। चूरू में बीती रात पारा 9.4 डिग्री रहा जबकि सिरोही में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अलवर 11.9, धौलपुर 12.9 करौली 10.5, जैसलमेर 12.6, श्रीगंगानगर 12.3, संगरिया 10.8, डबोक 11.4, पिलानी 10.2, भीलवाड़ा 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रेकॉर्ड हुआ।
सर्दी का जोर बढऩे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में शेखावाटी और हाडौती अंचल में रात के तापमान में और गिरावट होने और सर्दी का जोर बढऩे का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि दिन में मौसम शुष्क रहेगा और दिन में पारा सामान्य रहने की संभावना है लेकिन सर्द हवा के जोर से सर्दी का असर भी बढ़ेगा।