75 वें स्वाधीनता दिवस के मौके पर सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने किया झंडारोहण
जयपुर। 75 वें स्वाधीनता दिवस के मौके पर रविवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने झंडारोहण कर परेड की सलामी ली।
इस दौरान अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ज्ञात-अज्ञात सभी स्वाधीनता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी के लिए अनेक योद्धाओं ने त्याग और बलिदान दिया है। हम आजादी के 75 वें साल में प्रवेश कर रहे हैं, यह ऐतिहासिक क्षण है इतने बड़े देश को एक और अखंड रखना बड़ी चुनौती है।
गिनाई सरकार की उपलब्धियां
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमारी सरकार ने जन घोषणा पत्र के 65 फ़ीसदी वादों को पूरा कर किया है, आजादी के वक्त देश में कुछ भी नहीं था। सुई तक बाहर से आती थी, अब सड़कों का जाल बिछ गया है, हमारे यहां के लोग पढ़ने के लिए दूसरे शहरों में जाते थे अब जगह-जगह स्कूल बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि आईआईटी, आईआईएम जैसे संस्थान राजस्थान में बन गए हैं। राजस्थान अब वह राजस्थान नहीं रहा जिसमें अकाल और सूखे पड़ते थे। मनरेगा योजना वरदान साबित हुई है। सीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन में हम केंद्र से 90 फ़ीसदी भागीदारी की मांग कर रहे हैं। राजस्थान में लोग पानी के लिए तरसते हैं इसलिए हमने पूर्वी राजस्थान के लिए अलग से योजना बनाई है वह राष्ट्रीय योजना घोषित की जानी चाहिए।
एक लाख लोगों को नौकरियां
सीएम ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमने ढाई साल के शासन में एक लाख लोगों को नौकरियां दी हैं और 80 हजार नौकरियां प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सिंचाई की योजनाओं में हमने आगे बढ़ने का प्रयास किया है। कमजोर वर्ग के लोगों को पांच-पांच हजार की राशि दी जा रही है।
हर ब्लॉक में खेल स्टेडियम बन रहे हैं, गवर्नेंस के अधिकांश काम अब इंटरनेट के जरिए होते हैं। सीएम ने कहा कि कोरोना काल में मैंने करीब 450 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकर की है। अब प्रशासन गांवों के साथ अभियान शुरू होने वाले हैं, गांवों के लोगों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार पर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। एफआईआर आवश्यक रूप से दर्ज करने की व्यवस्था हमारी सरकार ने शुरू की है। हालांकि इससे संख्या जरूर बड़ी है लेकिन लोगों को न्याय मिलने लगा है।
कोरोना का बेहतर प्रबंधन किया
सीएम ने कहा कि कोरोना काल में हमारी सरकार ने बेहतर प्रबंधन किया है, कोई भूखा न सोए इसका संकल्प लेते हुए लोगों तक निःशुल्क भोजन पहुंचाया गया। जनता ने भी कोई कमी नहीं रखी। सीएम ने कहा कि तीसरी लहर की संभावना बनी हुई है,कोरोना अभी गया नहीं है। इसलिए मास्क और प्रोटोकॉल की पालना करें।
स्कूल खोलने पर जल्दबाजी नहीं
सीएम ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्कूल खोलने पर सरकार जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेगी। इसके लिए लगातार हम मॉनिटरिंग कर रहे हैं, दूसरे राज्यों में स्कूल खोलने के बाद कैस सामने आए हैं। उन्होंने कहा की स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। सभी लोगों का 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा किया गया है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में हम सर्वश्रेष्ठ बनना चाहते हैं इसके लिए चिरंजीवी योजना के तहत सभी पात्र लोगों का बीमा कराया गया है। सीएम ने कहा कि किसानों को 16 हजार करोड़ की सब्सिडी मिल रही है, किसानों के लिए अलग से बजट का ऐलान भी किया गया है तमिलनाडु में भी किसानों के लिए अलग बजट पेश किया है, हम उसका अध्ययन करवा रहे हैं।
हुए रंगारंग कार्यक्रम
इससे पहले राज्य स्तरीय स्वाधीनता समारोह में लोक कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए तो वहीं पुलिस और सेना की टुकड़ी ने हैरतअंगेज कारनामें दिखाकर वाहवाही लूटी।