जयपुर

राजस्थान के सात जिलों में ओलावृष्टि, 11 जिलों में बारिश, सर्दी से एक महिला की मौत

राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी पड़े। खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। बारिश के बाद अचानक तापमान में गिरावट आ गई।
2 min read
Jan 25, 2019
rain in rajasthan
फसल पर पत्थर बनकर बरसे ओले

जयपुर। पश्चिमी हवाओं के रुख बदल जाने के बाद मौसम में गुरुवार को अचानक बदलाव आ गया। जयपुर सहित प्रदेेश के कई जिलों में तेज हवा, अंधड़ के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। कई जिलों में बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी पड़े। खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। बारिश के बाद अचानक तापमान में गिरावट आ गई।

कई जिलों में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सात जिलों में ओलावृष्टि, 11 जिलों में बारिश हुई है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में इस सीजन की सबसे तेज पहली मावठ मानी जा रही है। यह मावठ किसानों के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। शुक्रवार को तापमान में करीब 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

पेड़ उखड़े

राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे। हवाएं ठिठुराती रहीं। अपराह्न 3 बजे यकायक मौसम पलटा और तेज रफ्तार हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट चली बारिश से सड़कें तर हो गईं। इस दौरान कई जगह पेड़ उखड़ गए। राजधानी का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया।

कहां क्या स्थिति
सीकर के फतेहपुर व लक्ष्मणगढ में बरसात हुई। खाचरियावास में चने के आकार के ओले गिरे। दिन का पारा 4 डिग्री गिर गया। फतेहपुर में न्यूनतम पारा 7.0 डिग्री दर्ज किया। भीलवाड़ा के गंगापुर व कोशीथल में दोपहर बाद बेर के आकार के ओले गिरे। इससे फसलों में नुकसान हुआ है। चित्तौैडग़ढ़ जिले में कई जगह हल्की बारिश हुई, न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज हुआ। अजमेर जिले में रुक-रुककर बारिश होती रही, जो 9.1 मीमी दर्ज हुई। पारा 6 डिग्री गिर गया। जोधपुर में गुरुवार को न्यूनतम पारा 12 डिग्री दर्ज हुआ।

सर्दी से महिला की मौत
जैसलमेर जिले के एक गांव में गुरुवार को एक वृद्धा की सर्दी से मौत हो गई। सीकर जिले के रींगस और हाल स्थानीय निवासी लीलाबेन (70) गत 5 वर्षों से यहां रहती थी। भिक्षावृत्ति कर जीवनयापन कर रही थी। दो दिन से ठण्ड के कारण वह अस्वस्थ हो गई। गुरुवार को मंदिर के गेट-2 के पास अचेत हो गई। पति ने अपराह्न बाद उस पर डाली कंबल उठाकर देखा, तो उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारम्भिक तौर पर सर्दी के कारण मौत होना माना गया है।

Updated on:
25 Jan 2019 08:36 am
Published on:
25 Jan 2019 08:35 am