Haj Yatra 2025: सेंट्रल हज कमेटी ने वर्ष 2025 की हज यात्रा खर्च तय किया है।
जयपुर। हज-2025 के मुकद्दस सफर की शुरुआत अगले महीने से होगी। इस बार जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हज यात्रा पर जाने वाले राजस्थान के यात्रियों के लिए यात्रा अन्य राज्यों के मुकाबले थोड़ा महंगी पड़ेगी। देश से हज के लिए सबसे सस्ता सफर मुंबई से होगा तथा जयपुर से जाने वाले यात्री को मुंबई के सापेक्ष करीब दस हजार रुपए अधिक खर्च करने होंगे। देश में 18 शहरों से हज यात्री मक्का-मदीना जाते हैं।
सेंट्रल हज कमेटी ने वर्ष 2025 की हज यात्रा खर्च तय किया है। देश में मुंबई से खर्च सबसे कम 3.19 लाख तो बिहार से सबसे ज्यादा खर्च लगभग 4 लाख रुपए है। हज पर जाने वालों की तीसरी किस्त तीन अप्रेल तक जमा करानी होगी।
सूत्रों के मुताबिक हज यात्रा का खर्च एयरपोर्ट के प्रस्थान स्थल और उनकी मक्का-मदीना से दूरी के अनुसार तय किया गया है। देश के 18 एयरपोर्ट से हज के लिए उड़ानें रवाना होगी। मुंबई से सऊदी अरब की दूरी सबसे कम होने से किराया भी कम है।
राज्य हज कमेटी के चेयरमैन अमीन कागजी का कार्यकाल खत्म हो चुका है। लेकिन नया चेयरमैन नियुक्त नहीं किया गया है। अधिशासी अधिकारी अबू सूफियान के पास अतिरिक्त कार्यभार है, लेकिन वे भी हज हाउस कम समय के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में हज के सफर से पहले मीटिंग भी पूरी तरह से नहीं हो सकी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के यात्री आगामी निर्देशों के लिए हज कमेटी से संपर्क कर रहे हैं। उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है।
राजस्थान हज वेलफेयर सोसायटी के महासचिव हाजी निजामुद्दीन ने बताया कि जल्द से चेयरमैन नियुक्त किया जाए ताकि हज की तैयारियों को चाक चौबंद किया जा सके। अल्पसंख्यक मोर्चें के पूर्व उपाध्यक्ष हाजी जावेद कागजी ने बताया कि हज की तैयारियां शुरू न होने से यात्री परेशान हैं।
इस संबंध में आगामी दिनों में मीटिंग प्रस्तावित है। खादिमुल हुज्जाज का प्रशिक्षण मुंबई में शुरू हो चुका है। अन्य तैयारियां बेहतर की जाएगी ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
-अबू सूफियान, अधिशासी अधिकारी, राज्य हज कमेटी