
जयपुर। राजधानी जयपुर में बीती रात से छाए मेघ आज अलसुबह तक मेहरबान रहे। बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया और शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के कारण पारे में भी गिरावट आई है। मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने के साथ ही प्रदेश में आज कई जगह मेघ मेहरबान रहे। कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर चला। मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
पौन घंटे में करीब एक इंच बरसा पानी
उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न वायुदाब क्षेत्र और दक्षिणी पाकिस्तान में बने चक्रवाती तंत्र के साथ ही मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। बीती रात से लेकर आज सूर्योदय तक रूक रूक कर बारिश का दौर जारी रहा। जयपुर में आज अलसुबह पौन घंटे में करीब एक इंच पानी बरसा। आज सुबह हुई बारिश से शहर की प्रमुख सडक़ों पर पानी भर गया। बारिश से मौसम सुहावना होने पर शहर के पार्कों और पर्यटन स्थलों पर युवा मौसम का लुत्फ उठाने पहुंचे। सडक़ पर जमा बारिश के पानी से दुपहिया वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। आज सुबह बारिश से मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को परेशानी हुई वहीं सुबह शहर की कई कॉलोनियो में बारिश शुरू होते ही बिजली गुल हो गई जो सुबह देरतक बहाल नहीं हो सकी।
विराटनगर और शाहपुरा में हुई मूसलाधार
विराटनगर और शाहपुरा में हुई मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। विराटनगर में तीन और शाहपुरा में ढाई इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में विंड पैटर्न में हुए बदलाव के साथ ही मानसून सक्रिय हो गया है और आगामी 48 घंटे में पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
बारां में चार इंच बारिश
बीती रात अजमेर, चूरू, अलवर, सीकर, झुंझुंनू, कोटा, बारां, धौलपुर और प्रतापगढ़ में बारिश का दौर देररात तक चला। बारां तहसील में बीती रात चार इंच हुई बारिश से निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया। सीकर में दो इंच बारिश होने से शहर की सडक़े पानी से लबालब हो गई और जनजीवन ठहर गया। धौलपुर के सरमथुरा में 60, अलवर के किशनगढ़वास में 64, कोटकासिम 68, राजगढ़ में 37 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। सीकर के श्रीमाधोपुर में 34 और नीम का थाना में 50 मिमी पानी बरसा। कोटा के सांगोद में 65 मिमी बारिश हुई है।