जयपुर

राजस्थान में भाजपा ने कांग्रेस नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस का लोकतंत्र से विश्वास उठा, ओछे हथकंड़े अपनाने पर उतरी - राजेन्द्र राठौड़
2 min read
Feature image

जयपुर। पीपाड़ में राजस्थान गौरव यात्रा पर हुए हमले को लेकर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने राजस्थान गौरव यात्रा में व्यवधान पहुंचाने की कोशिशों की कड़े शब्दों में निंदा की है और कहा कि राजस्थान में ऐसा कृत्य पहले कभी नहीं हुआ। कांग्रेस का लोकतंत्र से विश्वास उठ गया है इसलिए कांग्रेस के नेता कुछ नौजवानों को भटकाव में लेकर ओछे हथकंडे अपनाकर राजस्थान की गंगा जमुनी तहजीब को खराब करने का काम कर रहे हैं।
राठौड़ ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि राजस्थान गौरव यात्रा की मेवाड में ऐतिहासिक सफलता के बाद जोधपुर संभाग में मिल रहे अपार जन-समर्थन से कांग्रेस के नेताओं में खलबली मच गई हैं, जिससे कांग्रेसी नेता यात्रा के सामने भोंडा प्रदर्शन कर यात्रा को बाधित करने का काम कर रहे हैं, लेकिन राजस्थान गौरव यात्रा जनसमर्थन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के दुगने जोश से अब जनयात्रा में तब्दील हो चुकी हैं। कांग्रेस के नेताओं को गौरव यात्रा की सफलता पच नहीं रही हैं।
उन्होने कहा कि राजपूत समाज के साथ विभिन्न समाज भाजपा में आस्था रखते हैं, समाजों के भाजपा को समर्थन से कांग्रेस नेता बौखला रहे हैं, विपक्षियों की ओर से प्रदेश में समाजों को बांटने की राजनीति करने का पुराना इतिहास रहा हैं, जबकि भाजपा ने छत्तीस कौमों के विकास पर ध्यान दिया हैं।
राठौड़ ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि टुकडों में बंटी कांग्रेस के नेता लोक दिखावे के लिए गलबहियाँ भर रहे हैं, चित्तौडग़ढ़ में पूरे संभाग की 25-30 हजार लोगों की सभा कर झूठी शान दिखा रही है जबकि संभाग में भाजपा ने ऐतिहासिक सभा और रैली की थी जिससे कांग्रेस के संभाग में पैर लडखड़ा गये है। परदे के पीछे से कांग्रेस यात्रा को बाधित करने का कुत्सित प्रयास कर रही है। वहां पर पूर्व मुख्यमंत्री के जिन्दाबाद के नारे लगाए गये। इससे साफ प्रतीत होता है कि यह कृत्य कौन करवा रहा हैं। उन्होंने कहा कि एेसा करने से कुछ नहीं होगा। कांग्रेस तो पहले से ही टुकड़ों में बंटी है। कांग्रेस तो गहलोत-पायलट और जोशी गुट में बंटी हुई है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता संस्कारवान है, एकमुखी है नहीं तो ईट का जवाब पत्थर से देना जानते है। राजस्थान की संस्कृति महिलाओं के सम्मान करने की रही है ना कि अपमान करने की। कांग्रेस ने यात्रा में व्यवधान डाल महिलाओं को अपमान किया है। कांग्रेस की षडयंत्रकारी चाल जनता जान चुकी है और जनता राजस्थान से भी कांग्रेस को मुक्त कर देगी।

कांग्रेस नेता खेद व्यक्त करे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा है कि गौरव यात्रा मे जनसमूह को देख कांग्रेस बौखला गई है और ओछे हथकंडे अपनाने पर उतर आई है। कांग्रेस को इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा भी इस कृत्य का जवाब दे सकती है, लेकिन कांग्रेस के इस कृत्य का जवाब जनता भाजपा को वोट देकर देगी।

Published on:
26 Aug 2018 05:35 pm