
अरविन्द शक्तावत / जयपुर। गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर कहा कि वे कुछ भी कहे, लेकिन सच यही है कि पिछले चार सालों में अपराध में कमी आई है। चार सालों में 26 हजार 280 अपराध कम हुए हैं। अपराधों में 13.39 प्रतिशत कमी आई है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को गृहमंत्री कटारिया ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस के 2008 से 2013 के राज में 45 हजार 107 अपराध बढ़े। अपराधों में तीस प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। हमारे राज में आने के बाद पहले साल तो करीब सात प्रतिशत अपराध बढ़े, लेकिन इसके बाद लगातार तीन वर्षों में क्रमश 5.86, 8.93 और 5.79 प्रतिशत अपराध कम हुए। इस साल भी जून तक अपराधों में सवा तीन प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि मैं और मेरा विभाग हमेशा से चर्चा का विषय रहता है, लेकिन तथ्यों की बात की जाए तो कांग्रेस कहीं नहीं टिकती। यह दावा नहीं करते कि अपराध खत्म हो गए, लेकिन कोई इस सच्चाई से भी इनकार नहीं कर सकता कि अपराध कम ना हुए हों। एसटी अत्याचार में कांग्रेस राज में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और हमारे समय में 41 प्रतिशत अपराध कम हुए। एक समय था, जब महिला अपराध के मामले में देश में दूसरे नम्बर पर थे। अब अपराध कम हुए हैं, पिछले साल तक चौथे नम्बर पर आ गए थे। इस बार उम्मीद है कि पांचवे नम्बर पर आ जाएंगे।
पायलट बताए सत्तार और सांखला कौन है?
एक सवाल के जवाब में गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने सचिन पायलट से सवाल करते हुए कहा कि पीपाड़ में जो घटना हुई है। उसमें कांग्रेस के अध्यक्ष के पुत्र सत्तार और एक कांग्रेसी पार्षद के पुत्र सांखला को पकड़ा गया है। इसी बिनाह पर भाजपा आरोप लगा रही है। पायलट साफ करे ना कि ये कौन है।
हमने तो मुसलमानों के केस भी वापस लिए हैं
केस वापस लेने के मामलों को लेकर कटारिया थोड़े गुस्से में आ गए और कहा कि कांग्रेस की तरह 376 के मुकदमे वापस नहीं लिए हैं। रास्ता रोकने और अन्य छोटे-मोटे मुकदमे वापस लिए हैं और यह हर सरकार करती है। मैं संघ के नजरिये की हैसियत से नहीं। गृहमंत्री की हैसियत से काम कर रहा हूं। मुसलमानों के भी मुकदमे वापस लिए हैं।