
जयपुर ।
मानसून का मौसम प्रदेश में जमकर बरसा रहा है। पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश से लोगों का मन तो भीग गया है। लेकिन उनको लगातार परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा हैं। बुधवार को राजधानी में भी मेघ जमकर बरसे। बनीपार्क, नेहरू नगर क्षेत्र में सुबह काले बादलों के साथ एक घंटे तक बारिश हुई। वहीं, सांगानेर क्षेत्र में 25.2 एमएम बारिश दर्ज की गई।
सुबह की बारिश में रेलवे स्टेशन पर लगे लंबा जाम में यातायात पुलिस की भी परीक्षा ली। वहीं, ईद पर्व पर राजकीय अवकाश होने पर लोगों ने घर और घर से बाहर जाकर सुहाने मौसम का लुत्फ उठाया।
फिर बना बेणेश्वर धाम टापू
प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश का दौर चला। इसमें डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, कोटा और बूंदी में बारिश हुई। डूंगरपुर में एक बार फिर तेज बारिश से बेणेश्वर धाम फिर से टापू सा बन गया। यहां के जल संगम के तीनों पुल डूब गए। चार से आठ फीट पानी चादर चली। कई अहम मार्ग अवरूद्ध हो गए। धाम में दर्शन के लिए गए लोग फंस गए। बांसवाड़ा के लोहरिया और डूंगरपुर के गलियाकोट में भी मेघ जमकर बरसे।
कोटा में बैराज के खोले गेट
कोटा में बारिश तेज होने से बैराज में पानी की आवक बढ़ी। इसके चलते पांच गेट खोलकर पानी चंबल में छोड़ा गया। इसमें पहले तीन और फिर पांच गेट खोलने गए। कोटा में तो तेज बारिश से कॉलोनियों की सड़कें लबालब हो गई। निचली बस्तियां में पानी भर गया। नाले उफान पर आ गए। प्रशासन ने बस्तियों में जल स्तर बढऩे से स्तर से फंसे लोगों को बाहर निकला। जिले में चेचट क्षेत्र में बाढ़ के हालत बन गए। इसके अलावा टोंक जिले में भी तीन घंटे तक बारिश हुई। बीसलपुर में भी पानी की आवक बढ़ी।
राजस्थान में मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे पूर्वी राजस्थान में मूसलाधार बारिश (हैवी टू वैरी हैवी) होने की चेतावनी दी है। इसमें बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, धोलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, टोंक, उदयपुर जिलों में लोगों को जागरूक रहने के लिए बताया है। विभाग ने बुधवार को जयपुर में 24.2 एमएम, पिलानी में 19.8 एमएम, डबोक उदयपुर में 5.3 और जोधपुर में 3 एमएम बारिश दर्ज की है।