
weather update : मौसम एक बार फिर पलट गया है। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। जिस वजह से सूबे के कई जिलों में आज बारिश हो रही है। साथ ही कहीं-कहीं आकाशीय बिजली भी चमक रही है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना है। मौसम विभाग के नए अपडेट के अनुसार 5-6-7 फरवरी को मौसम कैसा रहेगा जानें। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि 5 फरवरी को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में हल्की बारिश होगी। बीकानेर संभाग में चार जिले आते हैं। वहीं पूर्वी राजस्थान में 5 फरवरी को भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जना, आकाशीय बिजली की चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का 6 फरवरी को अलर्ट है कि पश्चिमी राजस्थान मौसम शुष्क रहेगा जबकि भरतपुर संभाग में हल्की बारिश होगी। 7 फरवरी को भी मौसम विभाग का अपडेट है कि पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आज 4 फरवरी को भी जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कल से अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश गोलूवाला, हनुमानगढ़ में 21 mm जबकि पूर्वी राजस्थान के कोटकासिम, अलवर में 5 mm दर्ज की गई है। 5 फरवरी को कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज होने व न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें - Vidya Sambal Yojana : राजस्थान के करीब 1000 प्रोफेसरों की जॉब पर खतरा, फरवरी माह में जा सकती है नौकरी
जयपुर में शनिवार देर रात कई स्थानों पर बारिश हुई। फिर रविवार सुबह भी बारिश हुई। बारिश का यह दौर दोपहर 3 बजे भी जारी है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है। देर रात यह संभावना है कि जयपुर में कहीं तेज बारिश हो जाए। तापमान में बड़ा बदलाव आया है। दोपहर 3 बजे जयपुर का तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर का रविवार को तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें - सीएम भजनलाल का बड़ा एलान, युवाओं को मिलेगी भारी राहत