जयपुर

राजस्थान में यहां पानी के लिए सरपंच के घर पर धरना-प्रदर्शन, फोड़े मटके

भीषण गर्मी में कालाडेरा कस्बे के विभिन्न वार्डों व मोहल्लों में व्याप्त पेयजल संकट व सरकारी नलों में बाधित पेयजल आपूर्ति से आक्रोशित ग्रामीणों ने सरपंच के घर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। गुस्साए ग्रामीणों ने अभियंताओं का घेराव कर खरी-खोटी सुनाई।

2 min read
Apr 21, 2024
जलदाय विभाग के अधिकारियों को खरीखोटी सुनाते ग्रामीण।

जयपुर/कालाडेरा। भीषण गर्मी में कस्बे के विभिन्न वार्डों व मोहल्लों में व्याप्त पेयजल संकट व सरकारी नलों में बाधित पेयजल आपूर्ति से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारे लगाते हुए सरपंच के घर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंचे जलदाय विभाग के अधिकारियों व पुलिस थाना प्रभारी ने ग्रामीणों के साथ समझाइश कर धरना-प्रदर्शन समाप्त करवाया।

जानकारी के अनुसार कस्बे में व्याप्त पेयजल समस्या से खफा हुए छीपा मोहल्ला, बालाणी, कसाइयों मोहल्ला, योगी, कुमावत व सहरिया मोहल्ले के बाशिंदों ने मुख्य बाजार स्थित सरपंच अशोक शर्मा के घर के बाहर पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू किया। गुस्साई महिलाओं ने सरपंच व जलदाय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर मटके फोड़कर रोष जताया। करीब साढ़े चार घंटे तक ग्रामीणों ने हंगामा किया।

इधर, सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस थाना प्रभारी नरेश कंवर, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अभय कुमार चौहान व जेईएन ज्योति सैनी आदि मौके पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने अभियंताओं का घेराव कर खरी-खोटी सुनाई। बाद में ग्रामीणों के साथ समझाइश व आश्वासन देकर मामला शांत करवाया। उल्लेखनीय है कि पेयजल आपूर्ति को लेकर 12 अप्रेल को भी स्थानीय लोगों ने जलापूर्ति रूकवा कर प्रदर्शन किया था।

इन वार्डो में है पेयजल समस्या

कस्बे के वार्ड 9,10,11,12,13,14 व 19 आदि वार्डों और कई मोहल्लों में गंभीर पेयजल समस्या है। स्थानीय निवासी पूर्व सरपंच विष्णु नागर, उपसरपंच मुकेश पंचौली, मूलचंद टेलर, नरेन्द्र सांखला, अंबिका बालाणी, मुकेश सामरिया, कमलेश कुमावत आदि ने बताया कि मोहल्लों में दो माह से पेयजल किल्लत है। इससे महंगे दामों में टैंकराें का पानी खरीदना पड़ रहा है।

इनका कहना है

कालाडेरा में पेयजल वितरण व्यवस्था से ग्राम पंचायत का कोई लेना-देना नहीं है। जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार अवगत करवा दिया। पूर्व में ग्राम में 45 लाख की राशि खर्च करके 15 बोरिंग करवाए थे, जिनमें भ्रष्टाचार होने से ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पाया। पंचायत की मांग पर जिला कलक्टर के निर्देश पर 20 टैंकर प्रतिदिन डालने की व्यवस्था की गई है, लेकिन ठेकेदार टैंकरों का सही वितरण नहीं कर रहा है। इसकी शिकायत एसडीएम चौमूं से भी है।
- अशोक शर्मा, सरपंच ग्राम पंचायत कालाडेरा

इनका कहना है

कालाडेरा में पेयजल आपूर्ति 2 पेयजल टंकियों से की जाती है, जिसमें एक टंकी से 60 प्रतिशत आबादी की जलापूर्ति निर्विवाद रूप से हो रही है। जबकि कस्बे में बनी टंकी से 4 ट्यूबबेल जुड़े हैं। इसमें एक और नलकूप जुड़वाकर पेयजल आपूर्ति की जाएगी। डाबर कॉलोनी से आने वाले 2 नलकूप की पाइप लाइन को भी बदलवा दिया है। जल्द समस्या से राहत मिलेगी।
- अभय कुमार चौहान, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग गोविन्दगढ।

Published on:
21 Apr 2024 11:32 am
Also Read
View All

अगली खबर