जयपुर

Indian Railways: राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के यात्रियों के लिए खुशखबरी, रेल यात्रियों को मिली 2 बड़ी सौगातें

Rajasthan Railway News: भुज-दिल्ली नई एक्सप्रेस शुरू, जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत 22 मई से 20 कोच के साथ दौड़ेगी। रेलवे का बड़ा फैसला: भुज-दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन शुरू, जोधपुर वंदे भारत हुई और ज्यादा हाईटेक।
2 min read
May 21, 2026
Rajasthan Railway News
Photo AI

जयपुर. भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजस्थान और दिल्ली रूट पर दो बड़ी सौगातें दी हैं। पहली ओर भुज-दिल्ली-भुज एक्सप्रेस रेलसेवा का प्रतिदिन संचालन शुरू किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब 20 कोच के साथ संचालित किया जाएगा। रेलवे के इस फैसले से राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 19403 भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा का संचालन 23 मई 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली-भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से दिल्ली से शाम 4:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।

यह नई रेलसेवा वाया भीलड़ी-जालोर संचालित होगी और मार्ग में अंजार, गांधीधाम, बचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 18 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी, 1 पावर कार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल है।

जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी बड़ा बदलाव

इसी के साथ रेलवे ने जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी बड़ा बदलाव किया है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस ट्रेन में डिब्बों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है। रेलवे के अनुसार उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा गाड़ी संख्या 04871 कल यानी 22 मई 2026 को जोधपुर से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और शाम 5:10 बजे जयपुर पहुंचकर 5:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रात 10:20 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी।

उद्घाटन स्पेशल ट्रेन मार्ग में मेडता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में 2 एक्जिक्यूटिव चेयरकार, 16 एसी चेयरकार और 2 ड्राइवर पावर कार सहित कुल 20 कोच लगाए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार नियमित गाड़ी संख्या 26481/26482 जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में भी 24 मई 2026 से 20 कोच संचालित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।

Updated on:
21 May 2026 02:53 pm
Published on:
21 May 2026 02:49 pm