जयपुर

नशे की लत के चलते इस हद तक पहुंच गए युवा, कर डालीं 4 दर्जन से अधिक वारदात

जवाहरनगर पुलिस की कार्रवाई : 8 आरोपी गिरफ्तार
less than 1 minute read
Jan 28, 2019
crime
नशे की लत के चलते इस हद तक पहुंच गए युवा, कर डालीं 4 दर्जन से अधिक वारदात

जयपुर. नशे के लिए मोबाइल फोन स्नेचिंग और लैपटॉप चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर जवाहरनगर थाना पुलिस ने रविवार को 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनसे 37 मोबाइल, 4 लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त पूर्व राहुल जैन ने बताया कि पिछले दिनों पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद अन्य आरोपी भी पकड़े गए। मामले में रवि उर्फ रविकांत मीणा, दीपक दरोगा, अजय राजपूत, राहुल उर्फ जसविंदर सिंह, रवि नायक, सरफराज उर्फ काला, साहिल कुरैशी और मोहम्मद शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया गया है। ये आजाद नगर व आस-पास रहते हैं। विभिन्न थाना इलाकों में आरोपियों ने 4 दर्जन के करीब वारदात अंजाम दिया है। यह नशे के आदि है। नशे के लिए रुपयों के इंतजाम के लिए यह चोरी व लूट की वारदात करते थे।

दुकान से बेचते थे
पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी के मोबाइल व लैपटॉप जालूपुरा में मूलत: पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद शाहिद की मोबाइल फोन की दुकान से बेचते थे। 500 रुपए से 2500 रुपए में महंगा फोन बेच देते थे।

फोन के लिए पुलिस से मिलें
थानाधिकारी ने बताया कि बरामद 37 फोन में से मोती डूंगरी और चित्रकूट के दो फोन का पता चला है। जबकि शेष का रिकॉर्ड नहीं मिल पा रहा है। मोबाइल छीनने व चोरी की वारदात का शिकार परिवादी थाने में आकर मोबाइल के बारे में जानकारी ले सकते हैं। वहीं बरामद लैपटॉप में से तीन श्याम नगर और एक चित्रकूट का है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक के विरुद्ध लूट के दो, रवि के विरुद्ध चोरी व नकबजनी के तीन, राहुल के विरुद्ध लूट व चोरी के दो प्रकरण दर्ज हैं।

Published on:
28 Jan 2019 10:17 am