जयपुर

मुख्यमंत्री आवास पर बिजली सप्लाई में व्यवधान की आशंका से खलबली, लगाया किराए का डीजी सेट

मुख्यमंत्री आवास पर बिजली सप्लाई में व्यवधान की आशंका से खलबली
2 min read
May 14, 2019
Issues in Electricity Connection in CM house in Jaipur
Issues in Electricity Connection in CM house in Jaipur

जयपुर। मुख्यमंत्री आवास (49, सिविल लाइन्स) पर विद्युत सप्लाई की त्रिस्तरीय व्यवस्था नहीं होने और व्यवधान की आशंका ने जयपुर डिस्कॉम से लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग तक खलबली मचा दी है। अफसरों ने सीएम आवास ( Chief Minister House) पर वैकल्पिक इंतजाम करते हुए डीजी सेट लगा तो दिया, लेकिन फिलहाल इसे किराए पर लेना पड़ा है और नया खरीद का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा है। डिस्कॉम प्रशासन Jaipur Discom ने मौजूदा विद्युत सप्लाई व्यवस्था का हवाला देते हुए सीएम सुरक्षा के लिहाज से इसकी तत्काल जरूरत जताई, जिसके बाद आनन—फानन में किराए पर डीजी सेट की व्यवस्था की गई।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ( Rajasthan CM Ashok Gehlot ) ने सामान्य रूप से विद्युत सप्लाई तंत्र को ही बेहतर बताते हुए इसकी जरूरत नहीं होने के लिए कहा। हालांकि, फिर भी अफसरों ने सुरक्षा के लिहाज से वैकल्पिक इंतजाम करना जरूरी समझा गया। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने पिछले दिनों स्वयं के सरकारी आवास पर ही विद्युत ट्रिपिंग होने का दावा किया था। इसके बाद डिस्कॉम प्रशासन ने सिविल लाइन्स में सभी नेताओं के बंगलों पर विद्युत सप्लाई को लेकर अलर्ट हो गया। डिस्कॉम अफसरों का कहना है कि यह व्यवस्था सीएम के प्रोटोकॉल में है।


अभी 132 केवी दो पॉवर हाउस से जोड़ा हुआ विद्युत तंत्र...
अभी यहां के विद्युत सिस्टम को दो अलग—अलग 132 केवी स्टेशन से जोड़ा हुआ है। इसमें चम्बल और नला पावर हाउस शामिल है। किसी भी जगह तंत्र में तकनीकी खामी होने पर दूसरे पावर हाउस से विद्युत सप्लाई शुरू हो जाती है।

ये भी माने कारण..
—सुरक्षा मानकों के तहत सीएम आवास में वैकल्पिक तौर पर डीजी सेट की जरूरत रहती है। कारण, विद्युत तंत्र में तकनीकी खामी की स्थिति में डीजी सेट बेहद जरूरी है।
—पिछले दिनों आंधी—तूफान के कारण राजधानी समेत कई क्षेत्रों में विद्युत तंत्र तहस—नहस हो गया था। ऐसे हालात में भी वैकल्पिक इंतजाम को जरूरी माना गया।

8 सिविल लाइन्स में है लगा हुआ...
सिविल लाइन्स फाटक के पास (राजभवन से सटा हुआ) सीएम आवास परिसर में डीजी सेट लगा हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री अभी बंगला नं. 49, सिविल लाइन्स में रह रहे हैं। यहां डीजी सेट उपलब्ध नहीं है।


यह है किराया
पीडब्ल्यूडी ने कांट्रेक्टर के जरिए डीजी सेट लिया है। कांट्रेक्टर को प्रतिदिन की बजाय उसी दिन का किराया दिया जाएगा, जिस दिन डीजी सेट का उपयोग होगा। उस दिन का किराया करीब 5 हजार रुपए होगा। यदि उपयोग नहीं होता है तो किराया नहीं दिया जाएगा। इसी आधार पर करार किया गया है।


—जयपुर डिस्कॉम ने मुख्यमंत्री आवास पर वैकल्पिक इंतजाम के तहत डीजी सेट की जरूरत जताई थी। अभी किराए पर डीजी सेट लगा गया है। नए की खरीद के लिए सामान्य प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया है। —बिरधीचंद, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग


—डीजी सेट स्टेंडबाय के रूप में लगाया गया हैै। इनके प्रोटोकॉल में है। वैसे तो यहां दो जगह से सप्लाई दी जा रही है, लेकिन फिर भी वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर डीजी सेट लगाया गया है। —ए.के. गुप्ता, प्रबंध निदेशक, जयपुर डिस्कॉम

Published on:
14 May 2019 11:40 am