जयपुर

Jaipur Crime News: जयपुर में युवक को घर से घसीटकर ले गए बदमाश, लाठियों-सरियों से पीट-पीटकर मार डाला

Jaipur Murder: जयपुर के आमेर में 30 वर्षीय वसीम खान को 10-15 बदमाशों ने घर से बुलाकर लाठी-सरियों से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर घायल वसीम की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
2 min read
Jul 08, 2026
Jaipur Crime News
जयपुर में लाठियों-सरियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या (फोटो एआई)

Jaipur Amer Murder: राजधानी जयपुर के आमेर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 30 वर्षीय युवक वसीम खान की कुछ बदमाशों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक को उसके घर से बहाने से बुलाया और फिर खेत तथा फार्म हाउस ले जाकर लाठियों और सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मंगलवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।

घर से ले जाकर तीन जगहों पर की बेरहमी से मारपीट

यह पूरी वारदात आमेर थाना क्षेत्र के काजीवाड़ा इलाके में मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुई। मृतक वसीम खान (30), जो नगीनों का काम करता था, अपने घर पर था। तभी करीब 10 से 15 बदमाश कुछ काम होने की बात कहकर उसे अपने साथ बुला ले गए।

परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले घर के बाहर अबूजार मस्जिद के पास वसीम के साथ मारपीट की। इसके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो वे उसे घसीटते हुए पास के एक खेत में ले गए और वहां बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी उसे अपने फार्म हाउस पर ले गए, जहां सरियों और लाठियों से उसे अधमरा कर दिया गया। शाम को करीब 7 बजे बदमाश वसीम को गंभीर हालत में एक मेडिकल शॉप के पास पटककर फरार हो गए।

परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस पर ढिलाई के आरोप

वसीम के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई थीं। उसे तुरंत आमेर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। मृतक के भाई मोहम्मद रईस ने बताया कि आरोपियों ने वसीम को इतनी बेरहमी से मारा कि उसने दर्द के मारे दम तोड़ दिया।

वहीं, मृतक के पिता अशरफ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि दो-तीन दिन पहले भी इन्हीं बदमाशों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी। अगर पुलिस ने समय रहते उस वक्त कड़ी कार्रवाई की होती, तो आज आरोपियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते और उनके बेटे की जान बच जाती। उन्होंने किसी भी पुरानी रंजिश से साफ इनकार किया है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

इस खौफनाक वारदात के बाद बुधवार को आमेर इलाके में सन्नाटा और तनाव का माहौल देखा जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया है। बुधवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा होगा।

डीसीसी नॉर्थ करण शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित परिवार ने अखलाक, माहिर, बबलू, अज्जू, ईशान, सुका और सोहल सहित अन्य लोगों पर नामजद आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Updated on:
08 Jul 2026 04:41 pm
Published on:
08 Jul 2026 03:45 pm