जयपुर

पुलिस के खौफ से ईनामी बदमाश ने खुद की कनपटी पर गोली मारी, मौत

कोटपूतली के नांगल पण्डितपुरा की घटना, पुलिस ने 20 किलोमीटर पीछा किया, वाहन उतरकर बाजरे के खेत में छिप गया, तीन साथियों के भाग जाने के बाद खुद को पुलिस से घिरा देख घटना को दिया अंजाम
2 min read
Oct 13, 2021
काल्पनिक शिक्षक के नाम वेतन बना पत्नी के खाते में जमा कराता रहा ऑपरेटर
काल्पनिक शिक्षक के नाम वेतन बना पत्नी के खाते में जमा कराता रहा ऑपरेटर

जयपुर.

कोटपुतली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस के खौफ के चलते 5000 के ईनामी अपराधी ने खुद की कनपटी पर गोली मार आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंकरदत्त शर्मा मौके पर पहुंचे। घटना स्थल की वीडियोग्राफी करवाई और एफएसएल टीम से मौका मुआयना करवाया। एसपी शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित दुधिया निवासी रूपचंद उर्फ सूखा गुर्जर के रूप में की गई। आरोपी खेतड़ी थाने का वांटेड था और उसके खिलाफ हत्या, लूट व डकैती सहित कुल चार मामले दर्ज थे। एक वर्ष से झुंझुनूं पुलिस उसको तलाश रही थी और उस पर पांच हजार रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था।

सर्च ऑपरेशन चलाया तो फायर

पुलिस अधीक्षक शंकर दत्त शर्मा ने बताया कि कोटपूतली थाने के एएसआई राकेश पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि एक स्कार्पियों में हथियारों के साथ कुछ बदमाश बानसूर की तरफ से कोटपूतली की तरफ आ रहे है। इस पर नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन स्कार्पियो चतुर्भुज की तरफ चली गई। पुलिस ने उनका पीछा किया। स्कार्पियो बामणवास व नागाजीकी गोर होते हुए करीब 20 किलोमीटर दूर नांगलपण्डितपुरा मंगलवार रात करीब 9 बजे पहुंच गई। यहां कच्चे रास्ते में लेने के बाद स्कार्पियो सवार उतरकर भाग खेतों में भाग गए। कुछ पल में पीछा कर रही पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस को देख बदमाशों ने एक फायर किया। तब अतिरिक्त पुलिस बल और बुलाया गया और जिस खेत में बदमाश घुसे थे, उसकी घेराबंदी की। अंधेरा होने पर ड्रेगन लाइट और पुलिस वाहनों की लाइट की रोशनी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उसी समय दूसरे फायर की आवाज आई। लेकिन बाद में सर्च में सूखा का शव पड़ा मिला। उसके पास देशी कट्टा पड़ा था। एक कारतूस चला हुआ और चार कारतूस जिंदा मिले। पुलिस फरार तीनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

चालक को पीछे बैठा खुद चला रहा था वाहन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि सूखा और उसके साथी कोटपूतली से ही 1800 रुपए एक दिन के हिसाब से स्कार्पियो किराए पर ली थी। स्कार्पियो चालक को घटना स्थल पर पकड़ा गया। तब उसने बताया कि सूखा और उसके तीन अन्य साथियों ने उसका वाहन किराए से लिया था। एक वर्ष पहले भी उसका वाहन किराए से लिया था। चालक ने बताया कि चारों लोगों ने कुछ दूर वाहन ले जाने के बाद उसे पीछे बैठा दिया और स्कार्पियो सूखा चला रहा था। पुलिस को देख वाहन तेज दौड़ा रहे थे। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया।

बदमाशों का पीछा करने वाली टीम होगी पुरस्कृत

पुलिस ने बताया कि सूखा और उसके साथी कोटपूतली के बदमाशों के संपर्क में थे। सूखा के शव के पास एक मोबाइल भी मिला। मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जाएगी। गोली लगने से सूखा को भेजा उड़ गया। पुलिस अधीक्षक शंकरदत्त शर्मा ने हथियारों का पता होने के बावजूद बहादुरी से पीछा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

फेसबुक पर हथियारों के साथ फोटो

पुलिस ने बताया कि सूखा और उसके साथियों ने फेसबुक पर हथियारों के साथ फोटो डाल रखी है। सूखा शूटर नाम से फेसबुक आइडी बना रखी थी, जिसमें कमेंट था कि आप कुछ दिन और बेखबर रहिए...हमारा परिचय खुद शहर देगा।

Published on:
13 Oct 2021 11:14 pm