7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Crime : बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पत्नी ने ही रची थी साजिश, सीसीटीवी ने खोला महेश मीणा की मौत का राज

जयपुर के वीकेआई थाना क्षेत्र में महेश मीणा की हुई संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पत्नी ने जो कहानी ससुराल वालों के सामने बताई थी, मामला उससे ठीक उलट सामने आया है। मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस को सौंपे गए सीसीटीवी फुटेज में वह अपने कथित दोस्त और दो अन्य युवकों के साथ नजर आ रही है।
3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Aug 18, 2026

jaipur murder

Jaipur: सीसीटीवी फुटेज में महेश को एक तरफ ले जाते कविता व दो अन्य आरोपी।

जयपुर। वीकेआई थाना क्षेत्र के मल्होत्रा नगर निवासी महेश मीणा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, घटनाक्रम की कड़ियां चौंकाने वाली तस्वीर सामने ला रही हैं। मृतक के पिता बाबूलाल ने अपने बेटे की पत्नी कविता और तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिवार ने पुलिस को घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं। फुटेज में महेश की हालत और उसके साथ मौजूद लोगों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने कविता, उसके कथित दोस्त गणेश सहित तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

परिजनों के अनुसार 5 अगस्त को कविता अपने पति महेश को दवा दिलाने के बहाने घर से लेकर निकली थी। बताया गया था कि दोनों को बोराज जाना है, लेकिन आरोप है कि वे वहां जाने के बजाय पहले कविता के पीहर पहुंचे। इसके बाद कविता ने कथित तौर पर गणेश से संपर्क किया। बाद में दोनों के नई का नाथ मंदिर पहुंचने की बात सामने आई।

दो साथियों के साथ पहुंचा कथित बॉयफ्रेंड

परिजनों का आरोप है कि मंदिर के पास गणेश अपने दो साथियों अजय मीणा और गोलू प्रजापत के साथ पहुंचा। परिवार को शक है कि इसी दौरान महेश को कोई जहरीला पदार्थ पिलाया गया। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर विश्वकर्मा इलाके की ओर ले जाया गया।

14 नंबर के पास कैमरे में दिखा पूरा घटनाक्रम

मामले में सबसे अहम कड़ी 14 नंबर पुलिया के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार शाम करीब पांच बजे महेश को बाइक से वहां लाया गया। फुटेज में उसकी हालत बेहद खराब नजर आ रही है। आरोप है कि वह बेसुध और तड़पता हुआ दिखाई देता है।

फुटेज सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं। उनका दावा है कि कुछ समय तक महेश को सड़क किनारे रखा गया और उसके आसपास मौजूद लोग वहां से हटते नजर आए। यही फुटेज अब पुलिस की जांच का महत्वपूर्ण आधार बन गई है।

यहां देखें पूरा सीसीटीवी फुटेज :

पत्नी ने परिवार को बताई थी अलग कहानी

महेश की तबीयत बिगड़ने के बाद कविता ने परिजनों को अलग घटनाक्रम बताया था। बाबूलाल के अनुसार, कविता ने कहा था कि श्याम नगर स्थित 200 फीट चौराहे के पास अचानक महेश की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गया। उसने बताया कि महेश को बाइक पर पीछे बैठाकर उसने खुद से बांध लिया था और घर लेकर लौट रही थी।

कविता के मुताबिक 14 नंबर पुलिया के पास महेश की हालत ज्यादा खराब हुई तो उसने बाइक रोककर उसे सड़क किनारे लिटा दिया। लेकिन बाद में परिवार ने जब आसपास के कैमरों की फुटेज जुटाई तो उन्हें घटनाक्रम इसके ठीक उलट नजर आया।

3 युवकों के साथ नजर आई कविता

महेश की मौत के करीब 12 दिन बाद उसके पिता बाबूलाल ने मामले की तह तक जाने के लिए खुद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू की। उनका दावा है कि रिकॉर्डिंग में कविता अकेली नजर नहीं आई। फुटेज में दो बाइकों पर तीन युवकों के साथ महेश को मौके तक लाए जाने की तस्वीर सामने आई।

पिता ने फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान गणेश, अजय मीणा और गोलू प्रजापत के रूप में की है। गणेश को कविता का पुराना परिचित और कथित बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि महेश को रास्ते से हटाने के लिए कविता ने इन युवकों के साथ मिलकर साजिश रची।

अब पुलिस तलाश रही हर कड़ी

पुलिस ने मामले में पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महेश की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और उसके साथ आखिरी समय में वास्तव में क्या हुआ।

फिलहाल सीसीटीवी फुटेज ने मामले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों से सामने आएंगे। मौत की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग