जयपुर

पत्नी बोली, पति को जिंदा लेकर आए थी पुलिस, अब शव क्यों दे रहे हैं

अंकित के फंदे से लटकने के बाद फर्श से 13 इंच ऊपर थे पैर  

2 min read
Feb 20, 2022

जयपुर. जवाहर सर्कल थाने की हवालात में फंदे से लटककर आत्महत्या करने के मामले में एफएसएल टीम ने मौका मुआयना किया। सूत्रों के मुताबिक, रोशनदान से लटकने के बाद अंकित के पैर फर्श से 13 इंच ऊपर थे। शव की थ्री डी स्केनर से भी जांच की गई, ताकि शरीर पर हल्की चोट लगी हो तो वह नजर आ सके। मुहाना निवासी अंकित की पत्नी नित्या त्यागी उर्फ संगीता जसवानी ने थाना पुलिस पर प्रताडऩा का आरोप लगाया। पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस घर से पति को जिंदा लेकर गई थी और अब उसे पति का शव दे रही है। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नित्या के भाई सुंदर ने बताया कि सात माह पहले उनकी बहन की अंकित से शादी हुई थी। मूलत: भरतपुर निवासी अंकित यहां मानसरोवर में स्वर्ण पथ पर रहते, लेकिन अभी मुहाना मंडी के पास रह रहे थे। अंकित नोएडा की एक आइटी कंपनी में कोरोना के चलते वर्क फ्रोम होम काम कर रहे थे। अंकित के परिवार में पत्नी और गोद ली हुई मासूम बेटी के अलावा कोई नहीं है। सुदंर ने बताया कि शुक्रवार देर रात 1.45 बजे अंकित को पुलिस लेकर गई। उसके कुछ देर बाद इसकी जानकारी मिलते ही थाने पहुंचे और शनिवार रात तक कई चक्कर लगाए। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे बहन और मां के साथ थाने पर अंकित के लिए भोजन लेकर आए। लेकिन यहां बैठे पुलिसकर्मियों ने बहन से अभद्रता की। बाद में पहले बहन को भोजन चखने के लिए बोला और इसके बाद अंकित को भोजन देने दिया।

मांगों पर दिया आश्वासन

मृतक अंकित त्यागी के साले सुंदर जसवानी ने बताया कि रविवार सुबह 10.35 बजे जवाहर सर्कल थानाधिकारी ने जीजा के आत्महत्या करने की सूचना दी। तब परिजनों के साथ कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी हवालात में मौत की सूचना पर जवाहर सर्कल थाने पहुंच गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ थाने में धरना दिया। महानगर मजिस्ट्रेट क्रम संख्या छह हर्ष कुमार भी मौके पर पहुंचे और हवालात में आत्महत्या मामले की जांच शुरू की। परिजनों न्यायिक जांच, कार्रवाई की वीडियोग्राफी, पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, मृतक आश्रित को 25 लाख रुपए मदद, पत्नी को सरकारी नौकरी सहित अन्य मांगों पर सरकार तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। तब रविवार शाम 4 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल के लिए रवाना किया।

एक नजर

- रविवार सुबह 10.35 बजे जवाहर सर्कल थानाधिकारी राधारमण गुप्ता ने अंकित के साले सुंदर को फोन कर आत्महत्या की जानकारी दी
- सुंदर के परिजनों के साथ कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी थाने पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए

टाइम लाइन

- 18 फरवरी को 10 वर्षीय बच्ची ने बुलेट बाइक सवार अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अश्लील हरकत करने की शिकायत दी

- शुक्रवार देर रात 1.45 बजे : पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर अंकित त्यागी की पहचान की और उसके घर से पकड़कर थाने ले आई
- शनिवार शाम 6.13 बजे : पोक्सो एक्ट में अंकित को गिरफ्तार किया
- शनिवार देर रात 3 बजे : थाने के संतरी ने अंकित को चाय पिलाई
- रविवार तड़के 4 बजे : संतरी ने अंकित को हवालात में सोते हुए देखा

- रविवार सुबह 8.30 बजे : संतरी ने अंकित को हवालात में फंदे से लटका देखा

Published on:
20 Feb 2022 09:41 pm
Also Read
View All