जयपुर

जयपुर ब्लास्ट: राजस्थान के कई युवाओं के संपर्क में था आतंकी आरिज उर्फ जुनैद, 21 लाख का था इनाम

जयपुर में आरिज ने अपने अन्य साथियों के साथ साइकिल में बम रखने और बम बनाने में मदद की थी...
2 min read
• •
Updated: 15 Feb 2018, 1:08 PM IST
Jaipur Bomb Blast

जयपुर। जयपुर बम ब्लास्ट के एक और आरोपी को आखिर पुलिस ने दबोच लिया है। उसे वैसे तो दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दबोचा है, लेकिन राजस्थान की एटीएम टीम का भी इसमें सहयोग है। आरिज को भारत नेपाल बॉर्डर से दबोचा गया। एटीएस अफसरों की मानें तो आजमगढ़ निवासी आरिज के बारे में अफसरों को सूचना मिली थी कि वह आजमगढ़ अपने परिवार से मिलने आ सकता है। इसी कारण कुछ दिन से वहां पर पहले ही एटीएस की टीम तैनात थी। वहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही थी। आरिज जयपुर में हुए बम धमाकों का गुनहगार है। उसने भी अपने अन्य साथियों के साथ साइकिल में बम रखने और बम बनाने में मदद की थी। अब जांच एजेंसियां उसे पूछताछ के लिए लाने की तैयारी कर रही हैं।

सिमी का तिलस्म टूटा, तब मिली थी जानकारी
जयपुर बम धमाकों के बाद एटीएस, एसओजी और अन्य जांच एजेंसियों ने प्रदेश में फैल रहा सिमी का तिलस्म तोड़ा था। सिमी से जुड़े करीब तीस संदिग्धों को जयपुर, जोधपुर , बीकानेर , सीकर और अन्य जिलों से दबोचा गया था। उसके बाद उनसे पूछताछ में जांच एजेसियों को बहुत महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थी। उस समय आरिज के बारे में भी जानकारी मिली थी। आरिज के बारे में जानकारी जुटाने के बाद से ही जांच एजेंसियों को उसकी तलाश थी।

आरिज पर था 21 लाख का इनाम
आरिज के खिलाफ एनआईए ने 15 लाख रुपए का इनाम रखा था। दिल्ली पुलिस ने भी उस पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। आरिज यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला है। राजस्थान पुलिस ने आरिज पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।

आरिज 25 दिन की पुलिस रिमांड पर
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार बाटला हाउस एनकाउंटर के आरोपी आरिज खान को 25 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरिज पर दिल्ली सीरियल ब्लास्ट और जयपुर में हुए सीरियल बम ब्लास्ट में शामिल होने का आरोप भी है। आज जब उसे दिल्ली पुलिस ने एडिशनल सेशंस जज सिद्धार्थ शर्मा की कोर्ट में पेश किया तो कोर्ट ने उसे 25 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। आरिज को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था। आरिज पर दिल्ली, अहमदाबाद, यूपी और जयपुर में हुए बम धमाकों का आरोप है। आरिज पर आरोप है कि वो दिल्ली में 2008 में बाटला हाउस एनकाउंटर के दौरान एक बिल्डिंग में मौजूद था।

Published on: