जयपुर

एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम पर ऑनलाइन ठगी का जाल, जयपुर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Jaipur police action : राजधानी जयपुर में एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का साइबर सेल जयपुर पश्चिम ने खुलासा किया है।

2 min read
Mar 26, 2026
फोटो-एआई जेनरेटेड

जयपुर। राजधानी जयपुर में एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का साइबर सेल जयपुर पश्चिम ने खुलासा किया है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0” के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 15 यूपीआई आईडी, 10 सिम कार्ड समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेन्द्र यादव (23) निवासी फुलेरा (जयपुर ग्रामीण) और विकास रैबारी (20) निवासी कण्डीरा मार्ग, कालवाड़ रोड झोटवाड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न ऑनलाइन साइट्स पर एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम से आकर्षक विज्ञापन पोस्ट करते थे।

ये भी पढ़ें

जयपुर: वैशाली नगर के शाशा कैफे पर पुलिस का छापा, 24 लोग हुक्का पीते पकड़े गए, महिला SHO ने बोगस ग्राहक बन किया भंडाफोड़

सिक्योरिटी फीस के नाम पर मांगते थे पैसे

विज्ञापनों के जरिए लोगों को संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाए जाते थे। जब कोई व्यक्ति संपर्क करता, तो उसे अलग-अलग पैकेज और सुविधाओं का लालच दिया जाता। इसके बाद आरोपी रजिस्ट्रेशन फीस, एडवांस पेमेंट, सर्विस चार्ज और सिक्योरिटी फीस के नाम पर पैसे मांगते थे।

नंबर ब्लॉक कर हो जाते थे फरार

जैसे ही पीड़ित द्वारा रकम ट्रांसफर की जाती, आरोपी तुरंत अपना मोबाइल बंद कर देते या पीड़ित का नंबर ब्लॉक कर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए ट्रांसफर करवाई जाती थी, ताकि ट्रैकिंग में कठिनाई हो।

15 यूपीआइ आइडी व 10 सिम कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, एक बैंक पासबुक, 15 यूपीआई आईडी और 2 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

आमजन से अपील, लुभावने ऑनलाइन विज्ञापनों से सावधान रहें

साइबर सेल ने आमजन से अपील की है कि इस तरह के लुभावने ऑनलाइन विज्ञापनों से सावधान रहें। विशेषकर एस्कॉर्ट सर्विस या मसाज सर्विस के नाम पर दिए जाने वाले ऑफर्स पर भरोसा न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को एडवांस भुगतान करने से बचें। ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Updated on:
26 Mar 2026 12:46 pm
Published on:
26 Mar 2026 12:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर