जयपुर

जयपुर में गुंडागर्दी: सरेआम गैराज में घुसे बदमाश, मैकेनिक को लाठियों से बेरहमी से पीटा; रोंगटे खड़े कर देगा CCTV फुटेज

राजधानी जयपुर की सड़कों पर दिनदहाड़े गुंडों ने कानून को अपने हाथों में लिया। 10 से ज्यादा बदमाश लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और एक मैकेनिक को बेरहमी से पीट दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

2 min read
Apr 20, 2026
जयपुर की सड़कों पर बदमाशों का 'तांडव', सरेआम मैकेनिक का हाथ तोड़ा, सिर फोड़ा (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर: गुलाबी नगरी की कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने सरेआम आतंक मचाया। शहर के पॉश इलाके विद्याधर नगर में करीब 10 से अधिक बदमाशों ने एक मैकेनिक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

वारदात शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। विद्याधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मॉल रोड स्थित एमजीपीएस स्कूल के ठीक सामने एक ऑटो गैराज पर मैकेनिक दीपक सैनी अपना काम कर रहा था।

ये भी पढ़ें

किलर लुक या खौफ? शादीशुदा, 2 बच्चों का पिता और लव मैरिज का दावा, जानें क्यों लड़कियों के बीच चर्चा में रहा गैंगस्टर राजू मांजू

तभी अचानक दो-तीन गाड़ियों में सवार होकर आए 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने गैराज को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों के हाथों में लाठी, डंडे और सरिए थे। उन्होंने बिना कुछ कहे दीपक पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।

गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

बदमाशों ने दीपक को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहम गए। इस जानलेवा हमले में दीपक का एक हाथ टूट गया है और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

लहूलुहान हालत में उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सिर की चोट गहरी होने के कारण उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही विद्याधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआइ देवी लाल गरवा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पुलिस की एक टीम घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।

सुरक्षा पर उठे सवाल

दिनदहाड़े और स्कूल के सामने हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच इस तरह सरेआम मारपीट होना प्रशासन का खौफ खत्म होने का प्रमाण है।

फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी हमलावर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

ये भी पढ़ें

IPL 2026: जयपुर में आज से शुरू हुई टिकटों की ऑफलाइन बिक्री, RR vs SRH और DC मैच के लिए ऐसे खरीदें
Published on:
20 Apr 2026 07:40 am
Also Read
View All