जयपुर

मानसून की बेरुखी बढ़ा रही मायूसी

चक्रवाती तंत्र पर टिकी झमाझम बारिश की उम्मीद
2 min read
Aug 10, 2018
Jaipur weather
मानसून की बेरुखी बढ़ा रही मायूसी

अगले दो तीन पूरब व पश्चिमी इलाकों में बारिश का दौर सुस्त रहने का अंदेशा

जयपुर। प्रदेश में मौसम तंत्र की बिगड़ी चाल से बारिश का दौर सुस्त पड़ने लगा है। आसमान में बादलों की आवाजाही भी अब थमती नजर आ रही है और मौसम विभाग की मानें तो अगले दो तीन दिन प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अंदेशा है। हालांकि मानसून टर्फ लाइन अजमेर बीकानेर होकर गुजर रही है लेकिन फिर भी मानसून सक्रिय होने के बावजूद झमाझम बारिश होने की उम्मीद प्रदेश के दक्षिण पूर्वी हिस्सों में बन रहे चक्रवाती तंत्र पर है।

बीते चौबीस घंटे में पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई लेकिन पश्चिमी राजस्थान शुष्क मौसम की मार झेल रहा है। बाड़मेर,जैसलमेर,चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर में दिन में गर्मी के तेवर तीखे रहे हैं और अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो रहा है। बारिश के थमे दौर से बांधों में भी पानी की आवक थमने लगी है। जयपुर शहर की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध में रोजाना जलस्तर दो सेंटीमीटर कम हो रहा है और आज बांध का जलभराव 309.18 आरएल मीटर रिकॉर्ड हुआ है।

जयपुर में बीती रात घनघोर घटाएं छाई और झमाझम बारिश होने के आसार भी बने लेकिन उत्तर पश्चिमी हवा का साथ नहीं मिलने से बादलों ने शहर से दूरी बना ली। आज सुबह शहर में छितराए बादल जरूर मौजूद रहे लेकिन राहत की बौछारें बरसने की उम्मीद लगातार कम होती नजर आ रही है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज छितराए बादल छाए रहने व दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बीते चौबीस घंटे में श्रीगंगानगर के करणपुर में 71, झालावाड़ के छोली डेम में 70, जोधपुर 68.1 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा टोंक,डूंगरपुर,जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनू,कोटा,नागोर,पाली,राजसमंद,सीकर,सिरोही और उदयपुर में हल्की व मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई है।


दिन में गर्मी से परेशानी बढ़ी

राजधानी जयपुर में मानसूनी बारिश नहीं होने से गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। साथ ही उमस भी लोगों को परेशान कर रही है।

Published on:
10 Aug 2018 01:50 pm