
जयपुर। भाजपा छोड़ कांग्रेस जॉइन करने वाले जिला प्रमुख मूलचंद मीणा को शुक्रवार सुबह भाजपा के जिला परिषद सदस्यों ने घेर लिया। ज़िला परिषद जयपुर के पार्षद संघ के अध्यक्ष गिर्राज जोशी और प्रशासन समिति के सदस्य गिर्राज जांगिड़ ने मीणा की नेम प्लेट और कुर्सी भी हटा दी।
दोनों सदस्यों ने मीणा को जमकर खरीखरी सुनाई। जोशी ने उनसे कहा कि एक बार भाजपा के 27 सदस्यों से पूछते तो सही, आप 28 सदस्यों के साथ रहे, लेकिन विश्वासघात किया है।
आपने मेरे साथ ही धोखा किया है, जबकि मैंने आपको भगवान माना हैं। अब आप कांग्रेस का समर्थन लेकर वापस जिला प्रमुख की सीट पर बैठे। हमने अभी तक आपको आंच नही आने दी। फिर भी आपने सदस्यों से चर्चा तक नही की।
गिर्राज जांगिड़ ने कहा कि अब मूलचंद मीणा अब अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है। गिर्राज जोशी ने कहा कि सोमवार को सभी भाजपा के सदस्य जिला परिषद आएंगे। उन्होंने चेतवानी देते हुए कहा कि इस्तीफा नहीं दिया तो कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे।
बता दें कि सीकर महासंकल्प रैली में गुरुवार को भाजपा के कई नेताओं ने कांग्रेस का थामन थाम लिया। इनमें पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और वर्तमान व पूर्व जिला प्रमुखों को राहुल गांधी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।
पूर्व विधायक नारायण राम बेड़ा, जयपुर जिला प्रमुख मूलचंद मीणा और नागौर की पूर्व जिला प्रमुख बिन्दु चौधरी ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बिन्दु चौधरी भाजपा सरकार में मंत्री अजय सिंह किलक की बहन है। इन नेताओं में भाजपा का सबसे बड़ा झटका जयपुर जिला प्रमुख मूलचंद मीणा ने दिया था। मीणा को जयपुर जिला प्रमुख एक बड़े नेता के कहने पर बनाया गया था।