जयपुर

Jaipur New Traffic System : जलमहल एयर शो आज, जयपुर की यातायात व्यवस्था में हुआ बड़ा बदलाव, जानिए नया प्लान

Jaipur New Traffic System : भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जलमहल झील क्षेत्र में एयर शो को लेकर रविवार को जयपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। जानिए नई व्यवस्था क्या रहेगी।
less than 1 minute read
Jal Mahal Air Show today Jaipur traffic system changed know new plan
फोटो पत्रिका

Jaipur New Traffic System : भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जलमहल झील क्षेत्र में एयर शो को लेकर रविवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शो के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन और पार्किंग प्रतिबंध लागू रहेंगे।

निर्धारित पार्किंग स्थल

कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए जल तरंग, एमटी ग्रामीण पुलिस लाइन, परेड ग्राउंड, पाल के सामने खाली मैदान, कनक घाटी पार्क कट, घाट हाउस/दरगाह क्षेत्र, घाट हाउस स्कूल परिसर और खोले के हनुमानजी मंदिर परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

ऊंचाई वाले स्थानों से भी देख सकेंगे शो

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भीड़ से बचने के लिए नाहरगढ़, जयगढ़, आमेर किला और आसपास की कॉलोनियों की छतों, खोल के हनुमानजी जैसे ऊंचाई वाले स्थानों से भी शो का आनंद लें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

1- रामगढ़ मोड़ से जलमहल होते हुए आमेर की ओर जाने वाली सिटी और मिनी बसों का संचालन बंद रहेगा।
2- आमेर तिराहा दिल्ली रोड से आमेर की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को दिल्ली रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
3- आमेर कस्बे से जलमहल की ओर आने वाले वाहनों को गांधी चौक से आमेर तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
4- नाहरगढ़ फोर्ट से जलमहल की ओर आने वाले यातायात को जयगढ़ टी-पॉइंट से आमेर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
5- अधिक दबाव की स्थिति में रामगढ़ मोड़ से धोबीघाट दिल्ली रोड की ओर भी यातायात मोड़ा जा सकता है।
6- रामगढ़ मोड़ से कनक घाटी तक मुख्य मार्ग पर सभी प्रकार की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

Updated on:
22 Feb 2026 07:23 am
Published on:
22 Feb 2026 07:23 am