राजस्थान में जूनियर इंजीनियर (JEN) के 830 पदों पर भर्ती की जाएगी। नवंबर के आखिरी सप्ताह में इस भर्ती को लेकर अधिसूचना जारी किया जाएगा।
जयपुर। राजस्थान में सरकारी भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के चेयरमैन आलोक राज ने राजस्थान में जूनियर इंजीनियर (JEN) के 830 पदों पर भर्ती की जानकारी दी है। आलोक राज ने बताया कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में इस भर्ती को लेकर अधिसूचना जारी किया जाएगा। इसमें सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड और पंचायती राज जैसे विभागों में अलग-अलग पदों पर इंजीनियरों की भर्ती की जा सकती है। हालांकि, यह अधिसूचना जारी होने के बाद ही बताया जा सकेगा कि किस विभाग में कितने पद स्वीकृत किए गए हैं।
इधर, राजस्थान लोक सेवा आयोग ने कृषि अधिकारी के कई पदों के लिए भर्ती निकाली थी। इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों से आवेदन भी लिए गए थे। लेकिन आयोग ने एक अहम फैसला लेते हुए इस भर्ती के लिए सीटों की संख्या बढ़ा दी है। पहले जहां इस भर्ती के माध्यम से 25 सीटों को भरा जाना था, वहीं अब इसे 52 कर दिया गया है। इसके लिए जो उम्मीदवार अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वो अब 29 नवंबर से 13 दिसंबर तक के बीच आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को rpsc.rajasthan.gov.in पर जाना होगा। लेकिन अगर किसी उम्मीदवार ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन नहीं किया गया है, तो उन्हें सबसे पहले sso.rajasthan.gov.in पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा।
RPSC Agriculture Officer Exam में कुल 150 सवाल पूछे जाएंगे। जिसमें नेगेटिव मार्किंग एक तिहाई अंक रखी गई है। तीन सवाल गलत होने पर वक सही सवाल को काट दिया जाएगा। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को कुल 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा।